पंजाब में वॉलीबॉल खेलकर लौट रहे युवकों पर सरपंच के बेटे ने की फायरिंग, 6 आरोपियों पर केस दर्ज
गढ़दीवाला के गांव डफर में वॉलीबॉल खेलकर लौट रहे युवकों पर कथित तौर पर सरपंच के बेटे ने पिस्तौल से ...और पढ़ें

वॉलीबॉल खेलकर लौट रहे युवकों पर सरपंच के बेटे ने की फायरिंग।
HighLights
वालीबाल खेलकर लौट रहे युवकों पर फायरिंग।
सरपंच के बेटे जग्गी पर गोली चलाने का आरोप।
पुलिस ने छह आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया।
संवाद सहयोगी, गढ़दीवाला। गांव डफर में वॉलीबॉल खेलकर कार से घर लौट रहे युवकों पर कथित तौर पर सरपंच के बेटे ने पिस्तौल से फायरिंग कर दी। आरोप है कि पहले उसने कार के आगे खड़े होकर युवकों का रास्ता रोका और फिर हवा में गोली चलाई।
इसके बाद जान बचाकर भाग रहे युवकों पर भी फायर किया। थाना गढ़दीवाला की पुलिस ने सरपंच के बेटे सहित छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं।
पुलिस को दिए बयान में गांव डफर निवासी जसनूर सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर वह अपने दोस्त मिक्की और अन्य साथियों के साथ गांव के खेल मैदान में वॉलीबॉल खेलने गया था।
इसी दौरान गांव के सरपंच महेंद्र पाल सिंह का बेटा जग्गी अपने साथियों लव जोगा, बलकार और मनदीप सिंह के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि उन्होंने युवकों को वॉलीबॉल खेलने से रोक दिया। इसके बाद जग्गी अपने घर चला गया।
जसनूर सिंह के अनुसार, खेल समाप्त होने के बाद शाम करीब सात बजे वह अपने साथियों के साथ कार (पीबी-07-सीपी-7906) में सवार होकर घर लौट रहे थे। जब वे सरपंच महेंद्र पाल सिंह के घर के पास पहुंचे तो वहां पहले से मौजूद जग्गी ने उनकी कार के आगे खड़े होकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि जसनूर के कार से बाहर निकलते ही जग्गी ने अपनी पिस्तौल से हवा में फायर कर दिया।
इससे घबराए युवक अपनी जान बचाने के लिए मौके से भागने लगे तो आरोपित ने उनके पीछे भी गोली चलाई। युवकों ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने जसनूर सिंह के बयानों के आधार पर सरपंच के बेटे जग्गी सहित छह आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।