दीपावली की रात बंदूक और रिवाल्वर से किए फायर, वीडियो वायरल
होशियारपुर में दीपावली की रात बंदूक और रिवाल्वर से हवाई फायर करते ही वायरल हुई वीडियो ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक पहले बंदूक से हवाई फायर करता है।
जागरण संवादाता, होशियारपुर
दीपावली की रात बंदूक और रिवाल्वर से हवाई फायर करते ही वायरल हुई वीडियो ने पुलिस की परेशानी बढ़ा दी है। इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक पहले बंदूक से हवाई फायर करता है। उसके बाद वह रिवाल्वर लोड करके दो फायर करता है। कुछ ही दूरी से उसकी कोई शख्स वीडियो बना रहा था। उसे इसका पता नहीं था। वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दी है। बताया जा रहा है कि यह शख्स डीसी रोड होशियारपुर पर रहता है। मितरां नूं शौक हथियारा की गीत को चरितार्थ करते हुए उसने हवाई फायर किया। मालूम पड़ा है कि यह वीडियो एसएसपी तक पहुंच चुकी है। उन्होंने जांच के भी आदेश दे दिए हैं।
इस बारे में एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने कहा कि वह इस वीडियो की जांच करेंगे। फायर करने वाले शख्स का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
------------------
पटाखों से दीपावली की रात डीसी के आदेश हुए धुआं-धुआं
जागरण संवाददाता, होशियारपुर दीपावली की रात पटाखों के धुआं से डीसी अपनीत रियात के आदेश धुआं-धुआं हो गए। आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए देर रात साढ़े बारह बजे तक पटाखे चलाने का दौर चलता रहा। लोगों को डीसी के आदेश की परवाह नहीं थी। इसके अलावा न ही पुलिस डीसी के आदेशों का पालन करवाने के लिए गंभीर दिखी।
दीपावली की रात डीसी अपनीत रियात ने रात आठ बजे से लेकर रात दस बजे तक ही पटाखे चलाने की अनुमति दी थी। साथ ही यह भी हिदायत थी कि ग्रीन पटाखे चलाएंगे, मगर इसकी किसी ने परवाह नहीं की। करीब हरेक मोहल्ले में रात साढ़े दस बजे तक पटाखे चलाने का दौर चलता रहा। पटाखों का शोर सुनकर यही आभास हो रहा था कि शायद लोगों को डीसी के आदेशों की परवाह नहीं है। पुलिस की ड्यूटी थानों और चौक तक ही सीमित थी।
एसपी (डी) रविदर पाल सिंह संधू ने कहा कि पुलिस सक्रिय थी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा।