सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड को जल्द मिलेगी सेंट्रली ऑक्सीजन
संवाद सहयोगी होशियारपुर सरकारी अस्पताल होशियारपुर में स्थापित किए गए आइसोलेशन विभाग को जल्द ही सेंट्रली ऑक्सीजनाइजड कर दिया जाएगा।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर
सरकारी अस्पताल होशियारपुर में स्थापित किए गए आइसोलेशन विभाग को जल्द ही सेंट्रली ऑक्सीजनाइजड कर दिया जाएगा। शनिवार को डीसी होशियारपुर अपनीत रियात ने आइसोलेशन वार्ड के संबंध में एसएमओ जसविदर सिंह से बात की। एसएमओ जसविदर सिंह के साथ आइसोलेशन इंचार्ज डॉक्टर शैलेश कुमार, डॉक्टर पवन कालिया और इंजीनियर पीयूष गोयल की निगरानी में आइसोलेशन वार्ड को ऑक्सीजनाइसड किया जा रहा है।
गौर हो कि कोरोना वायरस से संबंधित मरीजों की उक्त वार्ड में देखभाल की जाती है। पिछले कुछ समय से कुछ मरीजों की शिकायत मिल रही थी कि उक्त आइसोलेशन वार्ड में ऑक्सीजन की सुविधा नहीं है। मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बाबत कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को पता चतला तो उन्होंने डीसी होशियारपुर को मरीजों को आ रही परेशानी को दूर करने के लिए कहा था।
कैबिनेट मंत्री अरोड़ा ने कहा कि मरीजों की मुश्किलों को मुख्य रखते हुए आइसोलेशन वार्ड के बाद जल्द ही सारे एमरजैंसी वार्ड को भी सेंट्रली ऑक्सीजनाइज्ड कर दिया जाएगा जिससे मरीजों तक पाईप के रास्ते हर समय ऑक्सीजन पहुंचाई जा सकती है। उक्त दोनों वार्ड सैंट्रली ऑक्सीजनाइज्ड होने से सरकारी अस्पताल होशियारपुर पंजाब का पहला अस्पताल बन जाएगा जिसमें प्राईवेट अस्पताल जैसी सारी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।