पंजाब चुनाव 2027: पिता-पुत्र की जोड़ी दो सीटों पर आजमाएगी किस्मत, AAP ने सांसद चब्बेवाल को फगवाड़ा से दिया टिकट
आप ने पंजाब विधानसभा चुनाव में पिता-पुत्र की जोड़ी डॉ. राज कुमार चब्बेवाल और डॉ. ईशांक कुमार को क्रमशः फगवाड़ा और चब्बेवाल सीटों से मैदान में उतारा है।

पिता-पुत्र की जोड़ी दो सीटों पर आजमाएगी किस्मत। फाइल फोटो
HighLights
आप ने पिता-पुत्र की जोड़ी को चुनाव में उतारा।
ईशांक कुमार चब्बेवाल से, राज कुमार फगवाड़ा से लड़ेंगे।
यह चुनावी दांव पंजाब की राजनीति में नया मोड़ लाएगा।
हजारी लाल, होशियारपुर। पंजाब विधानसभा चुनाव का सियासी मुकाबला अभी से रोचक होता दिख रहा है। आम आदमी पार्टी (आप) ने पिता-पुत्र की जोड़ी को दो अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
चब्बेवाल से मौजूदा विधायक डा. ईशांक कुमार पार्टी के उम्मीदवार होंगे, जबकि उनके पिता और होशियारपुर से मौजूदा सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल फगवाड़ा से चुनाव लड़ेंगे। दोनों सीटों पर एक ही परिवार के सदस्य आप के लिए अलग-अलग मोर्चों पर चुनौती पेश करेंगे।
आप ने अपनी पहली सूची में चब्बेवाल से मौजूदा विधायक डा. ईशांक कुमार को उम्मीदवार घोषित किया था। वीरवार को जारी दूसरी सूची में पार्टी ने होशियारपुर के सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल को फगवाड़ा से टिकट देने का ऐलान किया। दोनों घोषणाओं के बाद जिले की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पिता-पुत्र की जोड़ी अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी के लिए कितनी प्रभावी साबित होती है।
चब्बेवाल की राजनीति में राज कुमार का लंबा सफर
चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र डा. राज कुमार चब्बेवाल के राजनीतिक संघर्ष और मेहनत का गवाह रहा है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए उन्होंने करीब 45 साल बाद इस सीट पर पार्टी को जीत दिलाई थी। उनसे पहले शिरोमणि अकाली दल के सोहन सिंह ठंडल लगातार चार बार यहां से विधायक रहे थे।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में आप की लहर के बावजूद डा. राज कुमार ने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की थी। उन्होंने आप प्रत्याशी डा. हरमिंदर सिंह संधू को शिकस्त दी थी। पंजाब में आप की सरकार बनने के बाद डा. राज कुमार ने कांग्रेस छोड़कर आप का दामन थाम लिया था।
सांसद बनने के बाद बेटे को मिली जिम्मेदारी
वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में आप ने डा. राज कुमार चब्बेवाल को होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था। चुनाव जीतने के बाद वह सांसद बन गए और चब्बेवाल विधानसभा सीट खाली हो गई। इसके बाद पार्टी ने उपचुनाव में उनके बेटे डा. ईशांक कुमार को मैदान में उतारा। ईशांक ने चुनाव जीतकर विधानसभा में जगह बनाई। अब पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भी उन पर भरोसा जताते हुए चब्बेवाल से उम्मीदवार घोषित किया है।
इस बार चब्बेवाल में मुकाबले का समीकरण भी बदला हुआ है। वर्ष 2022 में आप के टिकट पर डा. राज कुमार के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले डा. हरमिंदर सिंह संधू को शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने अपना उम्मीदवार बनाया है। दूसरी ओर आप ने मौजूदा विधायक डा. ईशांक कुमार को दोबारा टिकट दिया है। ऐसे में चब्बेवाल में पिता के पुराने प्रतिद्वंद्वी और बेटे के बीच चुनावी मुकाबला किस दिशा में जाता है, इस पर भी नजर रहेगी।
फगवाड़ा में राज कुमार के सामने नई चुनौती
फगवाड़ा में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिश कर रही आप ने सांसद डा. राज कुमार चब्बेवाल को उम्मीदवार बनाकर नया सियासी दांव खेला है। चब्बेवाल में लंबे समय से सक्रिय रहे राज कुमार के लिए फगवाड़ा का चुनाव अलग तरह की चुनौती होगा। यहां उन्हें नई राजनीतिक जमीन तैयार करने के साथ मतदाताओं का विश्वास भी जीतना होगा। फिलहाल उनके सामने कौन-कौन से उम्मीदवार होंगे, अभी साफ नहीं है।
पिता-पुत्र को टिकट मिलने के बाद अब दोनों सीटों पर मुकाबले की तस्वीर विरोधी दलों के उम्मीदवारों के ऐलान से साफ होगी। भाजपा, कांग्रेस और अन्य दल चब्बेवाल तथा फगवाड़ा से किसे मैदान में उतारते हैं, इस पर राजनीतिक निगाहें टिकी हैं।
डा. ईशांक के सामने चब्बेवाल में पार्टी के जनाधार को बनाए रखने और अपने पिता की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी। वहीं, डा. राज कुमार को फगवाड़ा में मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ बनानी होगी। चुनावी नतीजे ही तय करेंगे कि आप की यह पिता-पुत्र जोड़ी दो क्षेत्रों में पार्टी के लिए कितनी सफल रहती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।