सो रहे परिवार पर पेट्रोल छिड़क लगाई आग, 11 माह के बच्चे व मां की मौत
एक युवक ने रंजिश में पड़ोस में रह रहे परिवार के पांच सदस्यों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। हादसे में 11 माह के बच्चे व उसकी मां की मौत हो गई।
जेएनएन, टांडा उड़मुड़ (होशियारपुर)। टांडा की संत बाबा ईशर सिंह कॉलोनी में पारिवारिक रंजिश के चलते एक सिरफिरे ने पड़ोस में रह रहे परिवार के पांच सदस्यों पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। हादसे में 11 माह के बच्चे व उसकी मां की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे व एक महिला की हालत गंभीर है। सभी का लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिवार के बुजुर्ग लक्ष्मण सिंह ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे वह घर के बाहर बैठ कर अखबार पढ़ रहे थे। इतने में जोगिंदर सिंह उर्फ जिंदा लाहौरिया उनके घर में दाखिल हुआ और उनके सिर पर ईंट मार दी। जब तक वह संभल पाते जोगिंदर ने कमरे में सो रही उसकी पत्नी गुरदेव कौर, बहू राजवंत कौर, बच्चे जसकरण सिंह, हरमनप्रीत सिंह व परमिंदर कौर पर पेट्रोल छिड़क कर उन्हें आग लगा दी।
11 माह के हरमनप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां राजवंत कौर ने लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में दम तोड़ दिया। वारदात के समय लक्ष्मण सिंह का बेटा कुलदीप सिंह घर पर मौजूद नहीं था। आसपास के लोगों ने परिवार के झुलसे सदस्यों को टांडा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें पहले डीएमसी लुधियाना रेफर कर दिया गया। सभी सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है।
वारदात के समय नशे में था आरोपित
पुलिस के अनुसार जोगिंदर सिंह उर्फ जिंदा लाहौरिया वारदात के समय नशे में था। पड़ोसियों पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाते समय वह खुद भी झुलस गया। पुलिस ने उसे दोपहर बाद गिरफ्तार कर लिया। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एसएसपी जे इलेनचेलियन ने कहा कि आरोपित पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच चल रही है।
इसलिए दिया वारदात को अंजाम
1. आरोपित जोगिंदर सिंह को लगता था कि उसकी पत्नी की मौत का कारण पड़ोसी हैं। वे पत्नी से झगड़ा कर उसे परेशान करते थे।
2. जोगिंदर सिंह ने लक्ष्मण सिंह के बेटे कुलदीप से पांच लाख रुपये लेने थे। दोनों के बीच पहले भी लेनदेन को लेकर झगड़ा हो चुका था।
3. पैसों को लेकर हुए झगड़े के दौरान लक्ष्मण सिंह के परिवार ने जोगिंदर पर घर पर बाहर से महिलाएं लाने का आरोप लगाया था।