सांझा फ्रंट के सदस्यों ने की मंत्री अरोड़ा की कोठी का घेराव करने की कोशिश की, पुलिस से झड़प
सदर चौक में रविवार सुबह कैबिनेट मंत्री अरोड़ा की कोठी का घेराव करने व ज्ञापन देने जा रहे सांझा फ्रंट के सदस्यों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ते में रोक दिया।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर : सदर चौक में रविवार सुबह कैबिनेट मंत्री अरोड़ा की कोठी का घेराव करने व ज्ञापन देने जा रहे सांझा फ्रंट के सदस्यों को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रास्ते में रोक दिया। इसके बाद सांझा फ्रंट के सदस्यों ने सदर चौक में ही धरना लगा दिया और पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सांझा फ्रंट में समूह अध्यापक यूनियन, डीसी कार्यालय यूनियन, मेडिकल विभाग की यूनियन, निगम मुलाजिमों की यूनियन, पेंशनर्स यूनियन के सदस्य मौजूद रहे। फ्रंट के सदस्यों ने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार एक तरफ तो बातचीत करने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कर्मचारियों की मांगों के उल्ट लगातार नोटिफिकेशन जारी कर रही है। मुलाजिमों के साथ पंजाब सरकार धक्केशाही कर रही है। सांझा फ्रंट के सदस्यों की मांग थी कि कैबिनेट मंत्री अरोड़ा मौके पर आकर उनसे मांग पत्र लें, लेकिन मंत्री ने सांझा फ्रंट के शिष्टमंडल को घर आने का संदेश भेजा ताकि उनके साथ बैठकर विचार विमर्श किया जा सके। मगर सांझा फ्रंट के सदस्य इसी बात पर अड़े रहे कि या तो वह सभी कोठी में जाएंगे या फिर कैबिनेट मंत्री मौके पर आएं। इसको लेकर उनकी बहस हो गई। जब सांझा फ्रंट के सदस्यों ने बैरिकेड तोड़कर आगे निकलने की कोशिश की तो पुलिस को हलका बल प्रयोग करना पड़ा। वहीं हलका लाठीचार्ज भी करना पड़ा। चेतावनी दे लौट गए सांझा फ्रंट के सदस्य
लाठीचार्ज के बाद सांझा फ्रंट ने जहां कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं पंजाब पुलिस के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार व उसके नुमाइंदे धक्केशाही पर उतरे हुए हैं। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। झूठी कसम खाकर सत्ता हथियाने वाली इस सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू किया जाएगा, ताकि आम लोगों तक इनकी धक्केशाही का प्रचार किया जा सके। फ्रंट के सदस्यों ने चेतावनी दी कि आज तो लौट रहे हैं, लेकिन जल्द ही फिर घेराव किया जाएगा। इसमें पूरे पंजाब से सदस्य आएंगे। तब देखंगे की पुलिस कितना बल रखती है उन्हें रोकने का। इसके बाद फ्रंट के सदस्य बिना ज्ञापन दिए ही वापस लौट गए।