विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब: होशियारपुर में AAP नेता कुलजीत बजवाड़ा ने टिकट कटने के बाद छोड़ी पार्टी, घरेलू जिम्मेदारियों का दिया हवाला

Published: Sat, 07 Nov 2026 02:40 PM (IST)

जिला परिषद सदस्य कुलजीत सिंह बजवाड़ा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, जिसके पीछे उन्होंने घरेलू जिम्मेदारियों का हवाला दिया है।

जिला परिषद होशियारपुर के सदस्य कुलजीत सिंह बजवाड़ा (फाइल फोटो)

 जिला परिषद होशियारपुर के सदस्य कुलजीत सिंह बजवाड़ा (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जिला परिषद सदस्य कुलजीत बजवाड़ा ने AAP से इस्तीफा दिया

  2. घरेलू जिम्मेदारियों को बताया इस्तीफे का मुख्य कारण

  3. होशियारपुर सीट से टिकट न मिलने से जोड़कर देखा जा रहा

हजारी लाल, होशियारपुर। होशियारपुर की सियासत में आम आदमी पार्टी को एक झटका लगा है। जिला परिषद होशियारपुर के सदस्य कुलजीत सिंह बजवाड़ा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने खुद इसकी पुष्टि करते हुए पार्टी छोड़ने के पीछे घरेलू जिम्मेदारियों को वजह बताया है। हालांकि, उनके इस फैसले के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। उनके इस्तीफे को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

दरअसल, कुलजीत सिंह बजवाड़ा को होशियारपुर विधानसभा हलके से आम आदमी पार्टी के टिकट का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। वह लंबे समय से इस सीट पर अपनी राजनीतिक दावेदारी मजबूत करने में जुटे थे।

ब्रह्म शंकर जिंपा को बनाया उम्मीदवार

इसी बीच पिछले दिनों पार्टी हाईकमान ने मौजूदा विधायक ब्रह्म शंकर जिंपा को दोबारा उम्मीदवार घोषित कर दिया। इसके कुछ ही दिनों बाद बजवाड़ा का पार्टी से इस्तीफा देना कई राजनीतिक सवाल खड़े कर रहा है।

राजनीतिक जानकारों के बीच चर्चा है कि होशियारपुर सीट से टिकट की उम्मीद लगाए बैठे बजवाड़ा को हाईकमान के फैसले से निराशा हाथ लगी हो सकती है। हालांकि, उन्होंने अपने इस्तीफे की वजह घरेलू जिम्मेदारियों को बताया है और टिकट को लेकर नाराजगी की कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की है।

आगे क्या होगा फैसला?

फिलहाल यह भी स्पष्ट नहीं है कि बजवाड़ा भविष्य में किसी अन्य राजनीतिक दल का दामन थामेंगे या सक्रिय राजनीति से दूरी बनाएंगे।

लेकिन टिकट की घोषणा के तुरंत बाद उनका इस्तीफा देना आम आदमी पार्टी के लिए होशियारपुर में राजनीतिक रूप से अहम घटनाक्रम माना जा रहा है। आने वाले दिनों में उनके अगले कदम पर सबकी निगाहें रहेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।