वीजे की पेमेंट लेने आए एजेंट को घर में बनाया बंधक, नकली वीजा कहकर लूटे 7.20 लाख
वीजे की पेमेंट देने का बहाना लगाकर एजेंट व उसके साथी को किडनैप कर 7.20 लाख लूटने के मामले में थाना गढ़शंकर की पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
संस, गढ़शंकर : वीजे की पेमेंट देने का बहाना लगाकर एजेंट व उसके साथी को किडनैप कर 7.20 लाख लूटने के मामले में थाना गढ़शंकर की पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी पहचान कुलवंत सिंह पुत्र जोगिदर सिंह इब्राहिमपुर के रुप में हुई है। जबकि दो आरोपित अवतार सिंह, जगदीप सिंह वासी इब्राहिमपुर फरार हैं। आरोपितों ने एजेंट को चार घंटे अपने घर में ही बंधक बनाए रखा, जब एजेंट ने शोर मचाया तो आरोपितों ने उस पर व उसके साथी पर पिस्तौल तान दी। पुलिस को बयान में पुरुषोत्तम कुमार पुत्र सुरिदर शर्मा वासी अरफवाला मोहल्ला कपूरथला ने बताया कि वह दिल्ली की फॉरेवर वीजा कंपनी की लुधियाना ब्रांच में काम करता है। लगभग दो महीने पहले कुलवंत सिंह दफ्तर में आया था और उसने बताया कि परिवार के साथ कनाडा में बसना चाहता है व उनकी कंपनी के थ्रू वीजा अप्लाई करना चाहते हैं। इसके बाद कुलवंत सिंह, उसकी पत्नी जसप्रीत कौर व उसके बेटे जगदीप सिंह के दस्तावेज ले लिए और फाइल तैयार कर वीजा अप्लाई कर दिया। कुछ दिन बाद वीजा लग गया। 7 अक्टूबर को कुलवंत को फोन करके बताया कि वीजा की पेमेंट अदा कर दें। इस पर कुलवंत सिंह ने कहा कि पेमेंट गांव में ही आकर ले जाएं। जिस पर वह दोस्त गगन अरोड़ा के साथ कार पर इब्राहिमपुर पहुंचे। कुलवंत सिंह उन्हें गांव के बाहर मिला और कार में बैठकर बात करने के लिए कहने लगा। वह अभी बात करने ही लगे थे कि इस दौरान कुलवंत के दो और साथी जोकि कुछ ही दूरी पर खड़े थे कार में आ गए। जब साथी कार में बैठे तो कुलवंत ने धमकाना शुरू कर दिया। इस दौरान कुलवंत सिंह ने पिस्तौल उन पर तान दी और कार को घर की तरफ ले जाने के लिए कहा। जैसे ही वह कुलवंत सिंह के घर पहुंचे तो उसने साथियों सहित उन्हें धक्के से एक कमरे में बंधक बना दिया और 7.20 लाख रुपये छीन लिए। कुलवंत सिंह ने उन पर आरोप लगाया कि जो वीजा लगाया है वह जाली है। उसने कहा कि यदि वीजा जाली है तो वह नेट पर जांच कर लें पर कुलवंत सिंह ने एक न सुनी व धमकियां देते हुए मारपीट भी की।
बाथरुम के बहाने घर से भागकर बचाई जान
पुरुषोत्तम ने बताया कि कुलवंत सिंह ने कमरे में बंधक बना लिया। कुछ समझ नहीं आ रहा था कि आखिर वह क्या करें, कैसे घर से निकले। इस दौरान कुलवंत सिंह को बाथरुम जाने के लिए कहा। जैसे ही वह बाथरुम के लिए कमरे से बाहर आए तो घर से भाग गए और जैसे तैसे जान बचाई। इसके बाद तुरंत पुलिस थाने में पहुंचे और सारी बात बताई। पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद आरोपितों पर मामला दर्ज कर कुलवंत सिंह को गिरफ्तार कर पिस्तौल व पांच लाख बरामद कर लिए। लेकिन 2.25 लाख रिकवर करने बाकी हैं।
पहले भी कुलवंत पर है लूट का केस, काट चुका है सात साल जेल
मामले की जांच करते हुए आइओ एएसआइ कौशल चंद्र ने बताया कि कुलवंत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी फरार हैं जिनको काबू करने के लिए छापेमारी जारी है। उन्होंने बताया कि आरोपित को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। कुलवंत सिंह पर पहले भी लूट का मामला दर्ज किया था और उस मामले में अदालत ने सात साल सजा की थी जोकि कुलवंत सिंह काट चुका है।