विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के होशियारपुर में पत्नी की हत्या कर गन्ने के खेत में छिपाया शव, गुमशुदगी का रचा ड्रामा; पति गिरफ्तार

Published: Wed, 11 Nov 2026 12:09 AM (IST)

पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में छिपाकर गुमशुदगी का नाटक रचा।

पत्नी की हत्या कर गन्ने के खेत में छिपाया शव। सांकेतिक फोटो

पत्नी की हत्या कर गन्ने के खेत में छिपाया शव। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. पति ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या की।

  2. शव गन्ने के खेत में छिपाकर गुमशुदगी का नाटक।

  3. चरित्र पर शक हत्या का मुख्य कारण बना।

संवाद सहयोगी, मुकेरियां (होशियारपुर)। पत्नी के चरित्र पर शक के चलते एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में छिपाकर उसकी गुमशुदगी का नाटक रच दिया। आरोपित की बातों पर संदेह होने पर मृतका के भाई ने पुलिस को शिकायत दी।

इसके बाद थाना मुकेरियां की पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया। पुलिस को दिए बयान में सोहेल अली निवासी चपाखोर, थाना आबादपुर, जिला कटिहार (बिहार) ने बताया कि उसकी बहन रुबीना खातून की शादी कुछ समय पहले जगदऊल इस्लाम निवासी मलिकपुर, थाना चांचल, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों मजदूरी के लिए पंजाब आ गए और होशियारपुर जिले के मुकेरियां में कूड़ा-कचरा उठाने का काम करने लगे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, पांच नवंबर को उसके जीजा ने फोन कर रुबीना के लापता होने की सूचना दी। अगले दिन वह पंजाब पहुंचा और जीजा के साथ बहन की तलाश करने लगा।

इस दौरान उसे जगदऊल इस्लाम के व्यवहार पर संदेह हुआ, क्योंकि पत्नी के लापता होने के बावजूद उसके चेहरे पर कोई चिंता नजर नहीं आ रही थी। उसकी बातों में भी विरोधाभास दिखाई दिया। इसके बाद उसने गांव की सरपंच को जानकारी दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया।

हत्या के बाद पत्नी के लापता होने की बात फैलाने लगा था

थाना प्रभारी एसआइ प्रिंसपाल सिंह ने बताया कि पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपित ने पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की है। आरोपित के अनुसार, उसे रुबीना के चरित्र पर शक था और उसे संदेह था कि उसके किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध हैं।

पुलिस के अनुसार, पांच नवंबर को दोनों काम के सिलसिले में गांव के बाहर छप्पड़ के पास कूड़ा फेंकने गए थे। वहां गन्ने का खेत देखकर आरोपित रुबीना को जबरदस्ती अंदर ले गया और अपने परने से उसका गला घोंट दिया।

हत्या के बाद शव गन्ने के खेत में छिपाकर वह अपनी झुग्गी में लौट आया और पत्नी के लापता होने की बात फैलाने लगा। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।