दोस्ती प्यार में बदली तो कर दी कोर्ट मैरिज, फिर पति उठाने लगा एेसे सवाल
युवती की युवक से दोस्ती प्यार में बदली तो दोनों ने कोर्ट में जाकर शादी कर ली। लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही पति एेसे सवाल उठाने लगा।
जेएनएन, होशियारपुर। युवती की युवक से दोस्ती प्यार में बदली तो दोनों ने कोर्ट में जाकर शादी कर ली। लड़की अनुसूचित जाति की है, जबकि लड़की सामान्य वर्ग का। लड़की ने अब अपने पति पर आरोप लगाया है कि वह उसे जातिसूचक शब्द कहता है। यही नहीं वह उसे दहेज लाने के लिए भी तंग करता है। मॉडल टाउन पुलिस ने इस संबंध में उसके पति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
नलोइयां निवासी सतविंदर कौर के मुताबिक उसने सीकरी निवासी गुरजीत सिंह के साथ 20 जून 2017 को कोर्ट में लव मैरिज की थी। शादी से पहले उसने अपने पति को बताया था कि वह अनुसूचित जाति वर्ग से है। इस पर पति ने कहा था कि वह जातिबंधन में कोई विश्वास नहीं रखता। उसे उसके साथ प्यार है। वह उसे जीवनभर अपने साथ रखेगा। महिल का पति सामान्य जाति का है।
शादी के कुछ दिन तो सबकुछ ठीक चलता रहा। लेकिन, कुछ दिन बाद परिवार वालों ने उसके पति पर दवाब बनाना शुरू कर दिया कि उसने अनुसूचित जाति की लड़की से विवाह करके गलत किया है। उसका पति पहले उन्हें टालता रहा। कुछ समय बाद उसकी सास जसपाल कौर व दादा ससुर तरसेम सिंह ने उसके पति को यह लालच देना शुरू कर दिया कि वह अपनी पत्नी को छोड़ दे तो वह उसकी शादी सामान्य वर्ग की किसी अच्छी लड़की से करवा देंगे। इसके बाद उसके पति का नजरिया बदलना शुरू हो गया। उसका पति धीरे-धीरे उससे दूर होना शुरू हो गया। बाद में उसके पति ने उसे तंग करना शुरू कर दिया और घर से निकाल दिया।
पति ने घर छोड़ पशुओं के तबेले में रहने को कहा
जब उसने पुलिस को शिकायत की तो उसके पति ने पुलिस थाने में इस शर्त पर उसे लेकर जाने के लिए कहा कि वह उसे अपने गांव में घर में नहीं, बल्कि पशुओं के तबेले में रखेगा। इससे वह काफी आहत हुई। उसने अपने प्यार के लिए यह बात भी मान ली। वह उसके साथ चलने को तैयार हो गई, लेकिन इस दौरान उसके पति ने उसे यह कहना शुरू कर दिया कि वह रोज-रोज के पारिवारिक विवाद से तंग है और इस विवाद का एक ही हल है कि हम कहीं दूर चले जाएं।
मायके से पैसे लाए, ताकि विदेश जा सके
पति ने यह कहकर उसे मायके जाने के लिए कहा कि वह माता-पिता की इकलौती औलाद है। वह उनसे 10 लाख रुपये लेकर आए, ताकि वह दोनों विदेश में जाकर सेटल हो सकें। जब उसने इस बात का विरोध किया तो उसने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। इस पर उसने एसएसपी दफ्तर में शिकायत दर्ज करवा दी और पुलिस ने मामले की जांच करने के बाद गुरजीत सिंह थियाड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।