विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नशा छुड़ाने वाला ही निकला नशे का सौदागर, होशियारपुर जेल में 91 ग्राम नशा; 98 कैप्सूल और मोबाइल समेत दबोचा गया कर्मचारी

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:18 PM (IST)

केंद्रीय जेल होशियारपुर में ओट सेंटर के एक कर्मचारी रजत को जेल के भीतर नशीले पदार्थ, कैप्सूल और मोबाइल फोन ले जाते हुए गिरफ्तार किया गया।

होशियारपुर जेल में नशा छुड़ाओ केंद्र का कर्मचारी ही निकला नशे का तस्कर।

होशियारपुर जेल में नशा छुड़ाओ केंद्र का कर्मचारी ही निकला नशे का तस्कर।

HighLights

  1. जेल कर्मचारी रजत नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार।

  2. 91 ग्राम नशीला पदार्थ, 98 कैप्सूल बरामद हुए।

  3. एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज, जांच जारी।

हजारी लाल, होशियारपुर। जिस कर्मचारी की जिम्मेदारी जेल में बंद नशे के आदी कैदियों को नशे से दूर करने और उन्हें दवाइयां उपलब्ध करवाने की थी, वही जेल के भीतर नशा पहुंचाने की तैयारी में था। केंद्रीय जेल होशियारपुर में ओट सेंटर से संबंधित कर्मचारी को ड्यूटी पर जाते समय तलाशी के दौरान 91 ग्राम नशीले पदार्थ, 98 नशीले कैप्सूल और मोबाइल फोन सहित गिरफ्तार किया गया है।

इस बरामदगी ने जेल के भीतर नशे की सप्लाई को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सिटी पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना सिटी के एसएचओ अनिल कुमार ने बताया कि केंद्रीय जेल के सहायक सुपरिंटेंडेंट जसवंत सिंह की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत दी गई थी। शिकायत के अनुसार आरोपित रजत पुत्र संजीव कुमार निवासी खुन्न-खुन्न कलां, थाना टांडा, जिला होशियारपुर, जेल के मेडिकल विभाग के ओट सेंटर (नशा छुड़ाओ केंद्र) में कर्मचारी था। उसकी जिम्मेदारी जेल में नशे के आदी कैदियों को दवाइयां उपलब्ध करवाने और उनकी काउंसलिंग करने की थी।

तलाशी में 40 और 51 ग्राम के दो पैकेट मिले

पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को जब रजत अपनी ड्यूटी के लिए जेल के भीतर जा रहा था तो सुरक्षा जांच के दौरान उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से 40 ग्राम और 51 ग्राम के दो हिस्सों में कुल 91 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसके अलावा 98 लाल रंग के नशीले कैप्सूल और एक मोबाइल फोन भी मिला। इसके बाद जेल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी।

कैदियों तक नशा पहुंचाने की आशंका, नेटवर्क की जांच

एसएचओ अनिल कुमार के अनुसार प्राथमिक जांच में आशंका है कि आरोपित अपनी ड्यूटी का फायदा उठाकर जेल के भीतर नशीले पदार्थ पहुंचाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशा किसके लिए ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

पुलिस ने आरोपित रजत के खिलाफ एफआईआर नंबर 298, दिनांक 13 नवंबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 22, 61 और 85 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। जांच में उसके मोबाइल फोन और संपर्कों की भी पड़ताल की जाएगी, ताकि जेल के भीतर नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।