पंजाब में नशे का बोलबाला, पर्दा न डाले बादल सरकारः अमरिंदर
पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में नशा बढ़ रहा है। उन्होंने इसके लिए बादल सरकार को जिम्मेदार ठहराया।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि पंजाब में नशा गंभीर समस्या है। बादल सरकार को सच्चाई स्वीकार करनी चाहिए। उड़ता पंजाब फिल्म पर सेंसर बोर्ड द्वारा कैंची चलाना सरासर गलत है। अमरिंदर सिंह विधायक रजनीश कुमार बब्बी के दीनानगर स्थित आवास पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि आज पंजाब का नौजवान नशों की भेंट चढ़ रहा है। इस फिल्म में फिल्म निर्माता ने नशे की दलदल में केवल 70 प्रतिशत नौजवानो के फंसे होने की बात की है, जबकि 78 प्रतिशत नौजवान नशे की चपेट में है। इसके लिए अकाली भाजपा गठबंधन सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है।
ये भी पढ़ें ः 'उड़ता पंजाब' को लेकर गरमाई सियासत
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार नशे की सच्चाई दवाने की बजाए इसको खत्म करने पर जोर दे। उन्होंने कहा कि जब से पंजाब में गठबंधन सरकार बनी है किसानों की हालत बहुत ही दयनीय हो गई है। किसान को दाना मंडियों में अपनी फसल बेचने से लेकर उसकी पेमंट लेने के लिए संघर्ष करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि गन्ने की खेती करने वाले किसान भी सरकार की गलत नीतियों के कारण परेशान है।
उन्होंने कहा कि अब भी करीब 200 करोड़ रुपये किसानों के गन्ने की पेमेंट बकाया है जो पंजाब सरकार ने 50 रुपए प्रति किवंटल अपनी और से किसानों को अदा करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता बेसव्री से आने वाले विधान सभा चुनावो का इंतजार कर रही है, ताकि इस लोक मरू सरकार को चलता कर पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनाए।