बेटे की चाहत में बेटी की हत्या, हत्यारा पिता ने भी की खुदकुशी; पंजाब के होशियारपुर में दिल दहला देने वाली वारदात
होशियारपुर में बेटे की चाहत में एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी की किरपान से हत्या कर दी। बाद ...और पढ़ें
-1793462063673_m.webp)
हत्यारा पिता ने भी की खुदकुशी। फाइल फोटो
HighLights
पिता ने बेटे की चाहत में बेटी को मारा।
18 वर्षीय बेटी अमरजीत कौर की किरपान से हत्या।
आरोपी पिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर की खुदकुशी।
संवाद सहयोगी, होशियारपुर। बेटे की चाहत में एक पिता इस कदर अंधा हो गया कि उसने अपनी 18 वर्षीय बेटी को ही मौत के घाट उतार दिया। बेटी की किरपान से बेरहमी से हत्या करने के बाद फरार हुए पिता ने भी आखिरकार जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
उसका शव होशियारपुर में भंगी पुल के पास दशहरा मैदान के निकट मिला। बेटी की हत्या के बाद से पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। करीब 24 घंटे तक अज्ञात शव के रूप में सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखे रहने के बाद शुक्रवार को उसकी पहचान अमरजीत सिंह (42) पुत्र तरसेम सिंह निवासी गांव धूतकलां के रूप में हुई।
चौकी भूंगा के इंचार्ज एसआइ अजमेर सिंह ने बताया कि थाना हरियाना के अंतर्गत गांव धूतकलां में अमरजीत सिंह ने अपनी 18 वर्षीय बेटी अमरजीत कौर पर किरपान से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के समय बेटी की मां किसी जरूरी काम से महज 15 मिनट के लिए घर से बाहर गई हुई थी। इसी दौरान आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।
बेटी की हत्या के बाद पुलिस से बचता फिर रहा था
वारदात के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी बीच बुधवार देर रात होशियारपुर के भंगी पुल के पास दशहरा मैदान के निकट एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के लिए सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगलकर जान दी थी।
सरपंच और ग्रामीणों ने की शव की पहचान
शव की पहचान के लिए पुलिस प्रयास कर रही थी। शुक्रवार को गांव धूतकलां की सरपंच अपने पति और गांव के कुछ अन्य लोगों के साथ सरकारी अस्पताल पहुंची। उन्होंने शव की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में की। इसके साथ ही बेटी की हत्या के बाद फरार चल रहे आरोपी की मौत का मामला भी स्पष्ट हो गया।
आज होगा पोस्टमार्टम
थाना सिटी पुलिस की ओर से रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपने और मामले में नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।