पेट्रोल-डीजल कीमतों में वृद्धि के खिलाफ मोदी सरकार के खिलाफ गरजे कांग्रेसी
जागरण संवाददाता, होशियारपुर केंद्र सरकार द्वारा लगातार बढ़ाई जा रही पेट्रोल व डीजल की
जागरण संवाददाता, होशियारपुर
केंद्र सरकार द्वारा लगातार बढ़ाई जा रही पेट्रोल व डीजल की कीमतों से आम जनता परेशान है और भाजपा की केंद्र सरकार के नुमाईदे अपनी सत्ता भोगने में मस्त हैं। जनता की तरफ कोई ध्यान ही नहीं है और हालात यह है कि आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही है, परंतु केंद्र को जनता का कोई ख्याल ही नहीं है। यह कहना है कैबिनेट मंत्री पंजाब सरकार सुंदर शाम अरोड़ा का। उन्होंने उक्त विचार वीरवार को मिनी सचिवालय के समक्ष केंद्र सरकार के खिलाफ पेट्रोल की बढ़ी कीमतों के विरोध में किए धरने के दौरान व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि पहले तो भाजपा के नुमाईदे अच्छे दिनों के चक्करों में आम जनता को चकमा देकर सतता हासिल कर बैठे और अब हालात यह है कि आम जनता का सामना कहीं हो न जाए। इसी चक्कर में मोदी कभी एक देश में जाते हैं और कभी दूसरे देश में, क्योंकि मोदी यह भलीभांति जान चुके हैं कि जनता के अच्छे दिनों का जवाब उनके पास नहीं है और झूठ के पैर नहीं होते। उन्होंने कहा कि केंद्र की सरकार उस समय पेट्रोल के दाम बढ़ा रही है जब विश्व बाजार में कच्चे तेल के दाम कम हैं और मोदी सरकार पेट्रोल कंपनियों को कुछ कहने को तैयार ही नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोगों को भरमाकर सत्ता हासिल करने वाली मोदी सरकार यह भलीभांति समझ ले कि जनता जान चुकी है कि सच्चाई क्या है और इसका जवाब वह 2019 के चुनाव में देगी। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार चाहे देश में 2019 की चुनाव में फिर सत्ता में आने के दावे कर रही है, परंतु पिछले जो भी उपचुनाव हुए हैं उनमें भाजपा को हर मोर्चे पर करारी हार का सामना करना पड़ा है।
रोष प्रदर्शन के बाद डीसी विपुल उज्ज्वल को केंद्र सरकार के खिलाफ ज्ञापन सौंपा गया। कैबिनेट मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने कहा कि केंद्र सरकार के विरुद्ध कड़कती गर्मी में लोग धरना प्रदर्शन में पहुंचे हैं। इससे साफ होता है कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों और देश में बड़ी मंहगाई से आम लोग कितने दुखी है, यह धरने जिला स्तर पर नहीं बल्कि 117 विधान सभा हलकों में किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि लोग 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराकर इस का जबाब देने की तैयारियां कर रहे है। अरोड़ा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत कम होने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतेंक्यों बढ़ती जा रही है। इसी के विरोध में कांग्रेस धरना प्रदर्शन कर
रही है।