विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सात साल पुरानी जमीन रंजिश का खूनी अंत, होशियारपुर में अकाली नेता की हत्या; 80 से ज्यादा किए वार

Published: Fri, 12 Jun 2026 06:36 PM (IST)

होशियारपुर जिले के एक गांव में जमीन विवाद को लेकर अकाली नेता हरपिंदर सिंह की कथित रूप से हमला कर ...और पढ़ें

मृतक अकाली नेता की फाइल फोटो।

मृतक अकाली नेता की फाइल फोटो।

HighLights

  1. होशियारपुर में अकाली नेता हरपिंदर सिंह की हत्या।

  2. सात साल पुराने जमीन विवाद के कारण हुई वारदात।

  3. पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।

जागरण संवाददाता, होशियारपुर। होशियारपुर जिले के गांव मन्नण में जमीन विवाद को लेकर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। शिरोमणि अकाली दल से जुड़े नेता हरपिंदर सिंह उर्फ सोनू की कथित रूप से हमला कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

मृतक हरपिंदर सिंह (47) शिरोमणि अकाली दल के परिवहन प्रकोष्ठ में जिला स्तर पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार उनका गांव के ही एक परिवार के साथ करीब तीन कनाल जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। यह मामला अदालत में विचाराधीन था और करीब सात वर्ष तक चली कानूनी लड़ाई के बाद फैसला हरपिंदर सिंह के पक्ष में आया था।

यह भी पढ़ें- जालंधर में कपड़ा शोरूम के बाहर चली गोलियां, मोटरसाइकिल सवार हमलावर वारदात के बाद फरार हुए

कुछ दिन पहले कब्जा लेने को हुआ था विवाद

मृतक की पत्नी सुरजीत कौर ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पति विवादित जमीन पर कब्जा लेने गए थे, जहां दूसरी पक्ष के लोगों के साथ कहासुनी हुई थी। इस संबंध में गांव के सरपंच और पुलिस को भी शिकायत दी गई थी। परिवार का आरोप है कि उसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।

परिजनों के अनुसार वीरवार दोपहर हरपिंदर सिंह अपने काम से लौट रहे थे। इसी दौरान गांव के निकट नहर के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह वहां से निकल गए। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। घर से कुछ दूरी पर पहुंचने पर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी गई, जिससे वह सड़क पर गिर गए।

उपचार के दौरान तोड़ा दम

परिवार का आरोप है कि इसके बाद कई लोगों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। हालांकि देर रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपितों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।

यह भी पढ़ें- पंजाब में अब घर बैठे मिलेगी जमीन की हर जानकारी, ईजी जमाबंदी पोर्टल से खत्म होगी दलालों की भूमिका

पुलिस ने जांच की शुरू

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और रोष का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब में आंधी ने बिजली ढांचे को पहुंचाया करोड़ों का नुकसान, सैकड़ों पोल गिरे; हजारों उपभोक्ता प्रभावित रहे