जालंधर में कपड़ा शोरूम के बाहर चली गोलियां, मोटरसाइकिल सवार हमलावर वारदात के बाद फरार हुए
जालंधर के किशनपुरा चौक के पास एक कपड़ा शोरूम के बाहर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना ...और पढ़ें

ये AI जनरेटेड इमेज है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र किशनपुरा चौक में उस समय दहशत का माहौल बन गया जब एक कपड़ा शोरूम के बाहर अज्ञात हमलावरों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार किशनपुरा चौक के पास स्थित एक कपड़ा शोरूम के बाहर शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने दुकान के बाहर पहुंचते ही गोलियां चलाईं और कुछ ही क्षणों में मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई।
घटना के समय बाजार क्षेत्र में लोगों की आवाजाही जारी थी। गोलियों की आवाज सुनते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए। कई लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें- पंजाब में अब घर बैठे मिलेगी जमीन की हर जानकारी, ईजी जमाबंदी पोर्टल से खत्म होगी दलालों की भूमिका
पुलिस ने सीसीटीवी कब्जे में लिए
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जांच टीमों ने कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर हमलावरों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हमलावर किस दिशा से आए और वारदात के बाद किस ओर फरार हुए।
यह भी पढ़ें- पंजाब में आंधी ने बिजली ढांचे को पहुंचाया करोड़ों का नुकसान, सैकड़ों पोल गिरे; हजारों उपभोक्ता प्रभावित रहे
जांच में जुटी पुलिस
घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी पुलिस ने एकत्र कर लिया है। फोरेंसिक और तकनीकी टीमों की सहायता से मामले की गहराई से जांच की जा रही है। फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
