मंदिरों में लगे बम-बम भोले के जयकारे
भगवान भोलेनाथ को अति प्रिय सावन मास के प्रथम दूसरे सोमवार पर शहर के अधिकतर मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
संवाद सूत्र, बटाला : भगवान भोलेनाथ को अति प्रिय सावन मास के प्रथम दूसरे सोमवार पर शहर के अधिकतर मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। अपने पारिवारिक सदस्यों सहित श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए पंचामृत सहित फल-फूल, भांग-धतूरा, आक आदि लेकर देवालय पहुंचे और पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं की श्रद्धा को मद्देनजर रखते हुए अधिकतर ऐतिहासिक मंदिरों के ट्रस्टों की ओर से व्यापक इंतजाम कए गए थे।
प्राचीन श्री अच्चलेश्वर धाम में श्री कार्तिक स्वामी मंदिर में महंत राणा गिरि तथा अवतार गिरि ने सुबह तीन बजे भगवान के स्वरूपों को पंचामृत से स्नान इत्यादि करवाने के बाद पूजा-अर्चना की और मंगला आरती की। इसी तरह श्री राम तलाई मंदिर में भी महंत गुडडू बाबा के नेतृत्व में रूद्राभिषेक किया गया तथा आरती गायन की गई। सोमवार होने के कारण आम दिनों की बजाए मंदिर में माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं का रश कहीं अधिक था। इस दौरान शहर के सभी मंदिरों को फूल मालाओं रंग बिरंगी लाइटों तथा गुब्बारों से सजाया गया। स्कूल जाने से पूर्व भगवान के श्री चरणों में नतमस्तक हुए नन्हें विद्यार्थी। लगभग डेढ़ वर्ष बाद शहर में पूर्ण रूप से स्कूल खुलने के कारण प्रथम दिन स्कूल जाने वाले नन्हे विद्यार्थी स्कूल जाने से पूर्व भगवान का आशीर्वाद लेना नहीं भूले। अधिकतर शिवालयों में अपने अभिभावकों के साथ आए बच्चे भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लेते देखे गए।