सनी देओल भाई बॉबी के संग पंजाब डटे, करेंगे चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा रोड शो
गुरदासपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सनी देओल पंजाब में डट गए हैं। वह वीरवार को चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा रोड शो करेंगे। वह सुबह आठ बजे से रात 10 बजे तक रोड शो करेंगे।
गुरदासपुर/अमृतसर, जेएनएन। बॉलीवुड स्टार सनी देओल बुधवार दोपहर बाद पंजाब पहुंच गए। उनके साथ भाई बॉबी देओल भी हैं। सनी यहां पहुंचने के साथ चुनाव प्रचार में जुट गए। दोनों भाई चुनाव तक पंजाब में डट गए हैं। वह वीरवार को पंजाब के चुनावी इतिहास का सबसे बड़ा रोड शो करेंगे। उनका रोड शो सुबह आठ बजे शुरू होगा और रात के दस बजे तक चलेगा। यह करीब सौ किलाेमीटर लंबा हाेगा। भाजपा और सनी देआेल ने चुनाव प्रचार के लिए कम समय मिलने के कारण यह रणनीति बनाई है। सनी दयोल के चुनाव प्रचार में उनके पिता धर्मेंद्र भी जल्द आएंगे।
सनी देओल अमृतसर पहुंचने के साथ ही प्रचार अभियान में जुट गए। वह शाहपुर गांव में लोगों के बीच पहुंचे। उनके साथ पंजाब भाजपा के अध्यक्ष श्वेत मलिक आैर पंजाब में भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी कैप्टन अभिमन्यु भी थे।
शाहपुर गांव में लोगाें से रुबरू होते हुए सनी देओल।
बता दें कि पंजाब के चुनावी माहौल में सनी देओल की एंट्री के बाद गहमागहमी चरम पर है। गुरदासपुर सीट से नामांकन करने के बाद सनी देओल वीरवार को एक इतिहास बनाने की तैयारी में हैं। बता दें कि बॉलीवुड स्टार सनी देओल ने सोमवार को गुरदासपुर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन दाखिल किया था। इसके बाद उन्होंने एक जनसभा को संबोधित किया था। जनसभा में उन्होंने महज तीन मिनट का भाषण दिया था और मुंबई लौट गए थे।
सनी दयोल बुधवार को अपने भाई बॉबी दयोल के साथ दोपहर करीब 2.50 बजे मुंबई से अमृतसर पहुंचे। श्री गुरु रामदास अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचे सनी दयोल अपने साथ जिम का सामान भी लाए हैं। एयरपोर्ट से सनी व बॉबी सीधे होटल ताज स्वर्णा में पहुंचे। इस दौरान दोनों की एक झलक पाने को लेकर बेकरार दिखे। हालांकि सनी व बॉबी ने किसी से बात नहीं की और सीधे होटल में चले गए।
सनी दयोल वीरवार सुबह बॉबी दयोल के साथ गुरदासपुर के लिए रवाना होंगे। वीरवार को वे गुरदासपुर में स्थायी रूप से रहेंगे और मतदाताओं के बीच जाएंगे। सनी दयोल इससे पहले 28 अप्रैल को अमृतसर आए थे। उन्होंने विश्व प्रसिद्धश्री हरिमंदिर साहिब व श्री दुर्ग्याणा तीर्थ में माथा टेका। शहीद स्थली जलियांवाला बाग में शहीदों को नमन किया। इसके बाद उन्होंने 29 अप्रैल को गुरदासपुर में नामांकन भरा था।
नामांकन के बाद आयोजित रैली में सनी देओल के सिर को चूमती एक महिला।
सनी देओल वीरवार को लौंटेंने के बाद चुनाव इतिहास का संभवत सबसे बड़ा रोड शो करेंगे। यह रिकॉर्ड 100 किमी लंबा होगा। पंजाब में इतना बड़ा रोड शो इससे पहले कभी नहीं निकाला गया है। यह देश में इस तरह के बड़े रोड शो में भी शामिल होगा। सनी सुबह अमृतसर पहुंचेंगे। इसके बाद उनके रोड शो की शुरुआत सुबह आठ बजे भारत-पाक बॉर्डर पर स्थित डेरा बाबा नानक कॉरिडोर से होगी।
इसके बाद वह अमृतसर में श्री दरबार साहिब में माथा टेकेंगे। उनका रोड यहां से गुरदासपुर में कलानौर, पंडोरी धाम और खानूवाल चौक से होते हुए दोपहर बाद दो बजे दीनानगर पहुंचेंगे। फिर, दोपहर बाद तीन से चार बजे तक वह भोआ में होंगे। यहां से उनका काफिला पठानकोट में एंट्री करेगा। करीब 11 घंटे बाद सनी शाम सात बजे पठानकोट पहुंचेंगे। इसके बाद भी उनका रोड शो जारी रहेगा और रात 10 बजे तक जारी रहेगा।
बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने रोड शो का रूट प्लान जारी किया है। साध ही पार्टी के नेताओं और कार्रकर्ताओं ने जोर-शोर से इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें कि भाजपा ने अपने पूर्व सांसद दिवंगत विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना, पिछले उपचुनाव में कांग्रेस के सुनील जाखड़ से हारे स्वर्ण सलारिया को दरकिनार करके सनी देओल को मैदान में उतारा है। यहां उनका मुख्य मुकाबला कांग्रेस के कद्दावर नेता व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ से है।