गुरप्रीत को पीए बनाकर सनी ने पार्टी कार्यकर्ताओं का बढ़ाया हौसला
भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य परमिदर सिंह गिल ने सांसद सनी देयोल द्वारा गुरप्रीत सिंह को अपना सहायक नियुक्त करने के बाद कांग्रेसी नेताओं द्वारा उठाए गए सवालों को कांग्रेसियों की बौखलाहट करार दिया।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य परमिदर सिंह गिल ने सांसद सनी देयोल द्वारा गुरप्रीत सिंह को अपना सहायक नियुक्त करने के बाद कांग्रेसी नेताओं द्वारा उठाए गए सवालों को कांग्रेसियों की बौखलाहट करार दिया। गिल ने कहा कि सनी देयोल ने लंबे अरसे से अपने साथ काम करते आ रहे एक ईनदार साथी को इलाके में भेजने का काम अपने कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए किया है।
एक सांसद के तौर पर उन्हें इलाके की समस्याओं को सुलझाने के लिए लगातार केन्द्रीय मंत्रियों से सम्पर्क रखना पड़ेगा। इस व्यस्तता के बावजूद उनका ध्यान गुरदासपुर और गुरदासपुर वासियों की समस्याओं की तरफ ही है। गुरप्रीत क्षेत्र में सनी देयोल के निर्देशों के अनुसार ही काम करेंगे। इसीलिए उन्होंने गुरप्रीत सिंह को अपना सहायक नियुक्त करके भारतीय जनता पार्टी की संस्कारी विचारधारा के अनुरूप काम करते हुए अपने साफ-सुथरी छवि वाले योग्य साथी को ताकत दी है। उन्होंने कहा कि वंशवाद की राजनीति कांग्रेस जानती है, जिसके विधायक या सांसद सत्ता में आते ही अपने परिवारिक सदस्यों को चेयरमैनशिप तथा अन्य पद दिलवाने में जुट जाते हैं। भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी सनी के गुरदासपुर के विकास के लिए उठाए गए हर कदम का समर्थन करते हैं। गिल ने कहा कि भाजपा का हर पदाधिकारी और कार्यकर्ता गुरप्रीत सिंह के साथ भी कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगा।