शादी की खुशियां मातम में बदलीं, UP से पंजाब लौट रहे परिवार के ऑटो को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर; बच्ची की मौत और 9 घायल
शाहाबाद में एक सड़क हादसे में शादी से लौट रहे परिवार की छह माह की बच्ची की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य सदस्य घायल हो गए।

शाहाबाद में शादी से लौट रहे परिवार पर टूटा कहर, छह माह की बच्ची की मौत और नौ घायल। सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
शाहाबाद में सड़क हादसे में छह माह की बच्ची की मौत
शादी से लौट रहे परिवार के नौ सदस्य गंभीर घायल
तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने ऑटो को मारी जोरदार टक्कर
संवाद सहयोगी, शाहाबाद। रिश्तेदार के घर शादी की खुशियां मनाकर लौट रहा परिवार रास्ते में हुए एक सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिस परिवार ने सुबह एक साथ शादी समारोह में शामिल होने के लिए सफर शुरू किया था, रात होते-होते उसी परिवार की छह माह की बच्ची आफिया की जिंदगी छिन गई।
परिवार के नौ अन्य सदस्य घायल होकर अस्पताल पहुंच गए। हादसा शाहाबाद में जीटी रोड पर गांव रतनगढ़ के पास हुआ। पीछे से तेज रफ्तार में आई स्कॉर्पियो ने परिवार के आटो को जोरदार टक्कर मार दी।
शाहाबाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि टक्कर के बाद आटो स्कॉर्पियो में फंस गया और उसमें सवार लोग सड़क पर जा गिरे।
चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए पहुंचे और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। हादसे में छह माह की आफिया की मौत हो गई, जबकि परिवार के नौ सदस्य घायल हो गए।
सुबह शादी में शामिल होने निकला था परिवार
उत्तर प्रदेश के शामली स्थित कांधला निवासी 48 वर्षीय समीम पंजाब के डेरा बस्सी के गांव झौली में ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। 19 नवंबर को उसके मामा के बेटे जमील की कैराना में शादी थी।
वह अपनी पत्नी 41 वर्षीय शबनम, नौ वर्षीय बेटे मुस्तफा,12 वर्षीय बेटी साबिया, 16 वर्षीय बेटी साईबा, 14 वर्षीय सिरदोष और शादीशुदा बेटी तईयबा, तईयबा की छह माह की बेटी आफिया और तईयबा का चार के बेटे असद के साथ जा रहा था। परिवार के साथ शादी में शामिल होने के लिए उसने पड़ोसी गांव के मौमिन का आटो किराये पर लिया था।
सुबह करीब 7:30 बजे वह पत्नी शबनम, बच्चों और अन्य स्वजनों के साथ डेरा बस्सी से उत्तर प्रदेश के कैराना पहुंचा था। शादी समारोह में शामिल होने के बाद परिवार शाम करीब 4:30 बजे पंजाब के लिए रवाना हुआ। करीब पांच घंटे का सफर पूरा करने के बाद आटो शाहाबाद के गांव रतनगढ़ के पास पहुंचा तो पीछे से आई काले रंग की स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी।
मां और दो बच्चों की हालत गंभीर
हादसे में घायल परिवार के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समीम ने बताया कि पत्नी 41 वर्षीय शबनम, नौ वर्षीय बेटे मुस्तफा और 12 वर्षीय बेटी साबिया की हालत गंभीर है। अन्य घायलों के सिर पर भी चोटें आई हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।