दिनभर गर्म रहा नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन को बदलने की अफवाह
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह द्वारा पूर्व संसदीय सचिव अश्विनी सेखड़ी को पंजाब हेल्थ सिस्टम का चेयरमैन नियुक्त करने के बाद शहर की राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदलती दिखाई दे रही हैं।
संवाद सहयोगी, बटाला :
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह द्वारा पूर्व संसदीय सचिव अश्विनी सेखड़ी को पंजाब हेल्थ सिस्टम का चेयरमैन नियुक्त करने के बाद शहर की राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदलती दिखाई दे रही हैं। यहां एक तरफ पिछले साढे चार वर्षों में शहर के प्रत्येक धार्मिक राजनीतिक सामाजिक तथा प्रशासनिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने वाले और रोजाना कहीं ना कहीं निर्माण कार्यों का उद्घाटन करने वाले कैबिनेट मंत्री तृप्त रजिदर सिंह बाजवा कहीं दिखाई नहीं पड़ते, वहीं पिछले लंबे समय से राजनीतिक हाशिए पर चले गए। अश्विनी सेखड़ी तथा कांग्रेस का टकसाली धड़ा नए जोश के साथ फ्रंट फुट पर रहकर हर काम करता नजर आ रहा है। जिस कारण किसी समय अश्विनी सेखड़ी के अति करीब रहे और हालात देखकर धड़ा बदल चुके नामवर शहरवासी भी इस खेमे में दोबारा आने शुरू हो गए हैं। अलबत्ता शहर में दिन प्रतिदिन बदल रही राजनीतिक परिस्थितियों के बीच शनिवार सुबह नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन को बदले जाने की अफवाहों का बाजार दिनभर गर्म रहा।
इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही इस खबर की पुष्टि के लिए जब दैनिक जागरण की ओर से नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन कस्तूरी लाल सेठ से बात की गई तो उन्होंने कहा कि ऐसी कोई जानकारी उन्हें नहीं है और ना ही हाईकमान की ओर से कोई सूचना या पत्र मिला है।
हाईकमान अपने वर्करों को नजरअंदाज नहीं कर सकते
दूसरी तरफ ट्रस्ट के नए बनाए गए चेयरमैन पवन कुमार पम्मा से बात की गई तो, उन्होंने हंसते हुए कहा कि सुबह से ही मुझे बधाइयों के संदेश मिल रहे हैं। मैं सभी की बधाइयां कबूल करता हूं, लेकिन अभी तक पार्टी हाईकमान या उनके नेता प्रताप सिंह बाजवा की ओर से उन्हें कोई संदेश नहीं मिला है। मैं पिछले 40 वर्षों से कांग्रेस की सेवा कर रहा हूं और कांग्रेस हाईकमान अपने वर्करों को कभी नजरअंदाज नहीं करता। हलांकि कुछ शहर वासी इस अफवाह को पवन कुमार पम्मा द्वारा चली गई सियासी चाल बता रहे हैं।