क्वारंटाइन सेंटर में विदेश से आए लोगों ने व्यवस्था पर उठाए सवाल
कुछ दिन पहले विदेश से लौटे करीब 150 एनआरआइ ने प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन सेंटर में किए गए प्रबंधों पर सवाल खड़े कर दिया।
जागरण टीम, बटाला : कुछ दिन पहले विदेश से लौटे करीब 150 एनआरआइ ने प्रशासन द्वारा क्वारंटाइन सेंटर में किए गए प्रबंधों पर सवाल खड़े कर दिया। एनआरआइज के मुताबिक क्वारंटाइन सेंटर में शारीरिक दूरी का ध्यान नहीं रखा जाता है। खाने के वक्त सभी को एक पंक्ति में बैठा दिया जाता है। अब तक उनका मेडिकल टेस्ट नहीं किया गया। वे यहां परेशान हैं। शौचालय की सफाई व्यवस्था खराब है।
इन एनआरआइज को आरएल बाबा कॉलेज के होस्टल में ठहराया गया है। इनको 14 दिन क्वारंटाइन रखा जाना है। उसके बाद इन्हें यहां से जाने की इजाजत दी जाएगी। कॉलेज के खेल मैदान में कचरे का डंप भी नजर आया। हालांकि प्रशासन ने कहा कि उनके पास सफाई कर्मचारियों की कमी है, पर चिता मत करें, यहां से अभी कचरे के ढेर को उठावा दिया जाएगा। एनआरआइज ने मांग की कि प्रशासन उन्हें अन्य जगह शिफ्ट करें या फिर साफ-सफाई का पूरा बंदोबस्त किया जाए। उनका कहना था कि वे विदेश में बिल्कुल खुश थे। उन्हें नहीं रहना भारत में, सब ठीक रहा तो वे फिर से विदेश लौट जाएंगे। नियमों का पूरा पालन किया जा रहा : एसडीएम
एसडीएम बलविदर सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस को लेकर पूरे नियमों का पालना किया जा रहा है। सरकार के आदेश मुताबिक हर किसी का पांचवें दिन में टेस्ट होता है। ऐसे में किसी को परेशान होने की जरूरत नहीं है। सफाई के लिए पांच कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है।