आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़क जाम की
गोलियां मारकर घायल करने के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़के पीड़ित परिवार ने गुरदासपुर-श्रीहरगोबिदपुरमार्ग सठियाली पुल पर पुलिस नाके के पास बुधवार को चार घंटे जाम लगा दिया।
संवाद सहयोगी, काहनूवान : गोलियां मारकर घायल करने के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर भड़के पीड़ित परिवार ने गुरदासपुर-श्रीहरगोबिदपुरमार्ग सठियाली पुल पर पुलिस नाके के पास बुधवार को चार घंटे जाम लगा दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस दौरान घायल को एक मंजे पर लिटाकर रोष जताया गया।
घायल गुरपाल सिंह के परिजनों ने बताया कि दस दिन पहले उनके गांव मल्लियां पक्कियां में गुरपाल सिंह पर कुछ लोगों ने गोलियां चला दी थी। इसमें वह बुरी तरह से घायल हो गया था। अब तक पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया है। इसके रोषस्वरुप उनकी ओर से धरना लगाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपितों से पुलिस रिश्वत लेकर उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। उधर, धरने की सूचना मिलते ही डीएसपी कुलविदर सिंह मौके पर पहुंचे और बातचीत की। धरनाकारियों को आश्वासन दिलाया कि आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने धरना उठा लिया। पीड़ित की पत्नी बोली-खुलेआम घूम रहे आरोपित
पीड़ित की पत्नी गुरविदर कौर ने बताया कि आरोपित अभी भी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं। लेकिन पुलिस उन्हें पकड़ नही रही। पुलिस द्वारा उनके परिवार को ही मानसिक तौर पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द आरोपितों को पकड़ा न गया तो आने वाले दिनों में फिर से इसी मार्ग को जाम कर दिया जाएगा। --कोट्स
गुरपाल सिंह के मामले में पांच लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस आरोपितों के बारे में लोगों से पूछताछ भी कर रही है। इस कारण गिरफ्तारियां करने में देरी हो रही है। पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाया जाएगा।
-कुलविंदर सिंह, डीएसपी।