विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 27, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Pahalgam Attack: पंजाब में ब्याही पाकिस्तानी मारिया 7 माह की है प्रेग्नेंट, पति के साथ घर से गायब; तलाश में जुटी पुलिस

Published: Sun, 27 Apr 2025 10:16 PM (IST)

भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का असर दोनों देशों के लोगों पर पड़ रहा है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले ...और पढ़ें

पाकिस्तान की मारिया की पिछले साल पंजाब में हुई थी शादी।
पाकिस्तान की मारिया की पिछले साल पंजाब में हुई थी शादी।

निशान सिंह चाहल, काहनूवान। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में पैदा हुए तनाव का असर दोनों देशों के लोगों पर पड़ रहा है। यह असर उन विवाहित जोड़ों पर भी दिख रहा है, जिन लड़कियों के मायके भारत या पाकिस्तान में हैं।

भारत सरकार ने भारत में विवाहित पाकिस्तानी लड़कियों को 48 घंटे में भारत छोड़ने का अल्टीमेटम दे रखा है। इसके चलते गांव सठियाली में ईसाई परिवार में ब्याही पाकिस्तान के गुज्जरांवाला की मारिया पुत्री सैमुअन मसीह को भी भारत छोड़ने को विवश होना पड़ रहा है।

रविवार को जब परिवार की हालत जानने का प्रयास किया गया तो पता चला कि मारिया, उसका पति सोनू और परिवार के बाकी सदस्य घर से गायब हैं। घर में ताला लगा हुआ है और परिवार के सभी सदस्यों के फोन नंबर भी स्विच ऑफ हैं। पूरा परिवार बिना किसी को बताए घर से कहीं जा चुका है।

वहीं, थाना काहनूवान की पुलिस परिवार के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है, लेकिन फिलहल कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है।

'परिवार के ऊपर दिखाएं हमदर्द'

गांव के सरपंच बिक्रमजीत सिंह व ईसाई समुदाय से संबंधित रमेश ने बताया कि किसी को भी परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं है। शनिवार को पुलिस गांव में आई थी, जिसके बाद परिवार काफी डर गया था।

उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार से मांग की है कि ऐसे परिवारों के साथ हमदर्दी दिखाई जाए। सात माह की गर्भवती मारिया की शारीरिक व मानसिक हालत देखते हुए उससे कोई रियायत दी जानी चाहिए।

पिछले साल हुई थी शादी

मारिया और सोनू मसीह की शादी छह साल तक चले प्यार के बाद 8 जुलाई 2024 को हुई थी। दोनों की शादी ईसाई रीति-रिवाजों के साथ हुई थी। शनिवार को परिवार के सदस्यों ने बताया था कि मारिया इस समय सात माह की गर्भवती है। ऐसी हालत में मारिया का घर छोड़कर जाना दुखद होगा।

वहीं, डीएसपी कुलवंत सिंह मान का कहना है कि पुलिस परिवार की तलाश कर रही है। जिन लोगों को भारत छोड़ने का आदेश मिला है, उन्हें देश छोड़ना ही पड़ेगा। पुलिस जल्द ही परिवार का पता लगा लेगी।