80 करोड़ लोगों को नवंबर तक मुफ्त राशन देना बढि़या फैसला : गिल
मोदी सरकार देश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझती है।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : मोदी सरकार देश की जनता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझती है। ये बात भाजपा के जिला प्रधान परमिदर सिंह गिल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कही। उन्होंने नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा कोरोना महामारी से पैदा हुए मुश्किल हालात और आम जनता को पेश आ रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए शुरू की गई गरीब कल्याण योजना को दीपावली तक बढ़ाने के निर्णय की जमकर तारीफ की।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की यह योजना देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध करवाने के लिए शुरू की गई थी। अब इस योजना के तहत लोगों को दीपावली तक मुफ्त राशन की सुविधा मिलेगी। लेकिन पंजाब की कांग्रेस सरकार द्वारा की जा रही राजनीति के कारण आम लोगों तक यह राशन नहीं पहुंच रहा। कांग्रेस पार्टी ने मोदी सरकार द्वारा आम जनता की सहायता के लिए भेजे गए राशन में भी घोटाला किया। गिल ने मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई योजना एक देश एक राशन कार्ड की भी सराहना की। उन्होंने कहा इस योजना से लोगों को सरकारी राशन की दुकानों से बहुत ही कम दामों पर राशन उपलब्ध होगा। इसके इलावा इससे सरकारी राशन की दुकानों और देश में भ्रष्टाचार रोकने में भी मदद मिलेगी। इस मौके पर उनके साथ जिला महांमंत्री कमलजीत चावला उपस्थित थे।