गुरदासपुर के जेएस टेंट हाउस में लगी भीषण आग, डेढ़ लाख का हुआ नुकसान
गुरदासपुर के तिब्बड़ी रोड स्थित जेएस टेंट हाउस में वीरवार सुबह आग लगने से करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

तिब्बड़ी रोड पर जेएस टेंट हाउस में लगी आग।
HighLights
जेएस टेंट हाउस में वीरवार सुबह लगी आग
आग से करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान जला
शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। तिब्बड़ी रोड स्थित जेएस टेंट हाउस में वीरवार सुबह अचानक आग लगने से दुकान के अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे टेंट हाउस के सामान को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकान के अंदर रखा काफी सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
टेंट हाउस का संचालन करने वाले सुरिंदर सिंह ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी कि उनकी दुकान में आग लग गई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि दुकान किराये पर ली हुई है और आग लगने से करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
सुरिंदर सिंह के अनुसार दुकान के मालिक दुकान के ऊपर ही रहते हैं। आग लगने के बाद उन्हें नीचे उतारने में भी काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। बड़ी मुश्किल से उन्हें सुरक्षित नीचे लाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं लगी।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शार्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग के कारण दुकान में रखा सामान पूरी तरह प्रभावित हुआ है। घटना के बाद दुकानदार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। संबंधित विभाग की ओर से आग लगने के कारणों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।