फेसबुक पर हुआ प्यार, शादी से लड़की ने किया इंकार तो प्रेमी ने किरच से कर दिया हमला
फेसबुक के जरिये प्यार हुआ तो प्रेमी ने प्रेमिका को शादी का ऑफर दिया। उसने ऐसा करने से मना कर दिया।
जासं, बटाला : फेसबुक के जरिये प्यार हुआ तो प्रेमी ने प्रेमिका को शादी का ऑफर दिया। उसने ऐसा करने से मना कर दिया। यह बात प्रेमी को नागवार गुजरी। क्योंकि लड़की ने साफ कह दिया था कि वह अपने माता-पिता की मर्जी के बिना किसी से शादी नहीं कर सकती है। मामला थाना किला लाल सिंह के अधीन क्षेत्र का है। प्रेमी गुरविदर सिंह तथा उसके साथी अर्शदीप सिंह ने योजना बनाई और प्रेमिका के घर धावा बोल दिया। वहां उसने अपनी प्रेमिका के चेहरे पर किरचों से कई बार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इसके बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही एसएचओ रंजोत सिंह पुलिस पार्टी सहित घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को सरकारी अस्पताल भर्ती कराया। घटनाक्रम तीन दिन पुराना है। पुलिस ने पीड़िता की मां के ब्यान पर दोनों हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने दोनों अपराधियों को बस अड्डे के नजदीक से दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि दोनों दूसरे राज्य में भागने की फिराक में थे। दोनों को पुलिस ने विशेष जज के समक्ष पेश किया। वहां से 23 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल पुलिस को उक्त अपराधियों से वारदात में इस्तेमाल किरच नहीं मिली है।