कुवैत भेजने के नाम पर 7.90 लाख ठगे, मां-बेटा नामजद
थाना कलानौर की पुलिस ने कुवैत भेजने के लिए छह नौजवानों से सात लाख 90 हजार रुपये की ठगी मारने वाले मां-बेटे के खिलाफ केस किया है।
संवाद सहयोगी, कलानौर : थाना कलानौर की पुलिस ने कुवैत भेजने के लिए छह नौजवानों से सात लाख 90 हजार रुपये की ठगी मारने वाले मां-बेटे के खिलाफ केस किया है।
सुखविदर सिंह पुत्र अवतार सिंह निवासी चंदू वडाला ने बताया कि वह 2015 में रोजी रोटी कमाने के लिए कुवैत गया था। एक कंपनी में बतौर मैकेनिक नौकरी करता था। इसी कंपनी में सुखदेव सिंह पुत्र मंगा राम निवासी लखवरिया (जिला कपूरथला) भी नौकरी करता था और उसके साथ उसकी जान-पहचान हो गई। 2018 में वीजा पूरा होने पर वे दोनों भारत आ गए। इसके बाद 2019 में सुखदेव सिंह ने बताया कि वह दोबारा कुवैत जा रहा है। उसने सुखदेव सिंह को कहा कि उसे भी वीजा मंगवा दें। सुखदेव सिंह ने कहा कि कंपनी को और व्यक्तियों की भी जरूरत है और अगर वह अन्य व्यक्तियों को साथ लेकर जाना चाहते है तो लेकर जा सकता है। सुखविदर सिंह ने बताया कि इसी दौरान वह अपने रिश्तेदार व दोस्त चनप्रीत सिंह पुत्र बलवंत सिंह निवासी चंदू वडाला, सुखदेव सिंह पुत्र बूड़ सिंह निवासी राजूबेला, बलजीत सिंह पुत्र जगमीत सिंह विासी शाहपुर गोरया, हरपिदर सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी डुग्गरी अवान मुकेरियां, सुखविदर सिंह पुत्र जसवीर सिंह निवासी डुग्गरी अवान सभी ने सुखदेव सिंह के साथ विदेश जाने के लिए संपर्क किया और प्रत्येक व्यक्ति से 1.50 लाख रुपये देने तय हुए। प्रत्येक व्यक्ति से 25-25 हजार रुपये एडवांस देना भी तय किया और शेष राशि साथ-साथ देने की बात की। इसके बाद सुखदेव सिंह को गांव चंदू वडाला में आने के उपरांत 25-25 हजार व पासपोर्ट दे दिए। सुखदेव सिंह ने अपनी माता कर्मजीत कौर का खाता भेजा जिसमें 75 हजार रुपये डाले गए। सभी नौजवानों ने सुखदेव सिंह को 7.90 लाख दे दिए लेकिन इसके बावजूद उन्हें कुवैत नहीं भेजा और न ही उनके पासपोर्ट लौटाए।
----------
डीएसपी की ओर से की जांच के बाद पुलिस थाना कलानौर ने कुवैत भेजने के ठगी मारने वाले सुखदेव सिंह व उसकी मां कर्मजीत कौर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
-अमनदीप सिंह, थाना कलानौर के प्रभारी