किरती किसान यूनियन ने केंद्र व पंजाब सरकार के जलाए पुतले
किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करने के रोष स्वरूप किरती किसान यूनियन ने गांव संगोर में केंद्र व पंजाब सरकार के पुतला जलाए।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करने के रोष स्वरूप किरती किसान यूनियन ने गांव संगोर में केंद्र व पंजाब सरकार के पुतला जलाए। इसका नेतृत्व यूनियन के प्रदेश महासचिव सतबीर सिंह सुलतानी व जिला प्रधान तरलोक सिंह बहरामपुर ने किया।
किसान नेताओं ने कहा कि कोरोना महामारी की रोकथाम के नाम पर केंद्र व पंजाब सरकार ने देश भर में लॉकडाउन व कर्फ्यू लगाकर लोगों को घरों में बंद कर दिया गया है। सभी कारोबार ठप कर दिए गए हैं। इस दौरान सरकारों ने कई लोक विरोधी कानून पास कर लिए हैं। 55 के करीब देश के बड़े डिफॉल्टरों के करीब 68 हजार करोड़ रुपये माफ कर दिए, मगर कर्ज में डूबे किसानों का र्कोई भी पैसा माफ नहीं किया गया है। इससे किसानों में सरकारों के प्रति भारी रोष पाया जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि लॉकडाउन को खत्म किया जाए और इसमें आगे कोई बढ़ोत्तरी न की जाए।
कर्फ्यू व लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर दर्ज पुलिस केस रद किए जाए। मजदूरों के आने जाने के लिए विशेष रेलगाड़ियां चलाई जाएं ताकि धान के सीजन में मजदूरों की परेशानी न आए। बिजली संशोधन बिल रद किया जाए। डीजल का रेट 22 रुपये प्रति लीटर किसानों को दिया जाए। किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाए। बिजली की निजी कंपनियों के साथ किए लोक विरोधी समझौते रद किए जाए। इस मौके पर किसान नेता चन्नण सिंह दोरांगला, सरुप सिंह संगौर, बलबीर सिंह, तारा सिंह, बनारसी दास आदि उपस्थित थे।