चेतावनी, बिल वापस नहीं लिया तो दिल्ली में जाकर करेंगे चक्का जाम
केंद्र सरकार द्वारा तीन कृषि विधेयक बिल लोकसभा-राज्यसभा में पारित करने के उपरांत देशभर के किसानों में काफी रोष पाया जा रहा है।
जागरण टीम, बटाला : केंद्र सरकार द्वारा तीन कृषि विधेयक बिल लोकसभा-राज्यसभा में पारित करने के उपरांत देशभर के किसानों में काफी रोष पाया जा रहा है। गुरदासपुर के अधीन तहसील बटाला में किसान संगठन एवं आढ़ती एसोसिएशन के सदस्यों ने इकट्ठे होकर केद्र सरकार के खिलाफ शुक्रवार सुबह साढ़े नौ बजे के करीब स्थानीय दाना मंडी में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना दिया। इस दौरान आढ़ती एवं किसान संगठन के नेता गुरबिदर सिंह जौली ने केंद्र सरकार पर प्रहार करते कहा कि यह बिल आढ़ती तथा किसानों के हित में नहीं है। किसान, आढ़ती, मजदूर आर्थिक रुप से कमजोर हो जाएंगे। इसका फायदा सिर्फ अमीर घरानों को ही मिलेगा। दोपहर 12 बजे के करीब किसान संगठन के नेताओं तथा वर्करों ने गांधी चौक में धरना लगाया। इसी प्रकार शहर में किसानों द्वारा कार-मोटरसाइकिल रैली भी निकाली गई। वहीं किसानों के समर्थन में अधिकांश शहर के बाजार बंद रहें। सिर्फ मेडिकल सुविधाएं ही चालू रहीं। अंत में किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर केंद्र सरकार ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो वह दिल्ली की तरफ कूच करेंगे। धरने से टै्रफिक समस्या रही अवरुद्ध
चाहे पूर्व में किसानों के धरने की वजह से शहर को पूर्ण रुप से बंद करने की कॉल थी। मगर इक्का-दुक्का ट्रैफिक को किसानों के धरने ने अवरुद्ध कर दिया। मगर पुलिस की मुस्तैदी की वजह से इस समस्या को बहाल करने में ज्यादा समय नहीं लगा। वहीं, किसानों के समर्थन में नगर-निगम के सफाई कर्मचारियों ने भी हिस्सा लिया। एंबुलेंस को रोककर ड्राइवर को किया परेशान
किसान संगठन के कुछ सदस्यों द्वारा स्थानीय गांधी चौक के पास सिविल अस्पताल गुरदासपुर से आ रही एंबुलेंस को रोककर उसके ड्राइवर को तंग किया गया। एंबुलेंस में किसी मरीज को सिविल अस्पताल लेकर जाया जा रहा था। दस मिनट के उपरांत उस एंबुलेंस चालक को वहां से जाने दिया गया। दरअसल, एक किसान ने रास्ते में रास्ता जाम करने के लिए ट्रैक्टर को बीच रास्ते खड़ा कर दिया था। इधर, हरचोवाल में किसानों का रोष-प्रदर्शन
पंजाब माझा किसान संघर्ष कमेटी के प्रधान बलविदर सिंह के नेतृत्व में स्थानीय कस्बा हरचोवाल चौक में किसानों द्वारा केंद्र सरकार के खिलाफ धरना लगाया गया। इस धरने में हजारों की संख्या में किसान शामिल हुए। किसान नेता बलविदर सिंह राजू ने कहाकि केंद्र की सरकार ने तीन विधेयक पास कर किसानों की रोजी-रोटी पर लात मारी है। नियमों की खूब उड़ी धज्जियां
चाहे शहर में प्रशासन की तरफ से 144 लगा रखी है, मगर किसानों ने इसे पूर्ण रुप से नजरअंदाज करते हुए नियमों की सरेआम उल्लंघना की। अधिकतर किसानों ने मुंह पर मास्क नहीं डाल रखा था। शारीरिक दूरी भी नहीं बनाई हुई थी।