यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गुरदासपुर के अस्पताल में दबंगों की गुंडागर्दी, दो मरीज किए घायल; हॉस्पिटल में आखिर क्यों चले तेजधार हथियार?
Punjab News गुरदासपुर के सिविल अस्पताल में देर रात कुछ लोगों ने गुंदगर्दी की। इस घटना में दो लोग घायल ...और पढ़ें

HighLights
- सिविल अस्पताल में गुंडागर्दी का नंगा नाच, तेजधार हथियारों से हमला कर किया जख्मी
- पैसे के लेन-देन का मामला, थाना सदर पुलिस ने आरोपितों की पहचान का प्रयास किया शुरू
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। Punjab News: पैसों के लेन-देन के मामले में कुछ लोगों ने सोमवार देर रात सिविल अस्पताल में घुसकर गुंडागर्दी की। आरोपितों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दो लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उनका सिविल अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सिविल अस्पताल में भर्ती जख्मी जगजीत सिंह ने बताया कि उसके चाचा का बेटा अमेरिका रहता है। गांव खोखर राजपूतां का रहने वाला एक युवक कुछ समय पहले ही अमेरिका गया था।
इस दौरान उसके चाचा के बेटे ने उसकी कुछ पैसे देकर सहायता की थी। अब उक्त युवक वहां काम पर लग चुका है। इसके चलते चाचा के बेटे ने उससे पैसे वापस मांगे तो वह टालमटोल करने लगा। इस दौरान दोनों की कहासुनी हो गई। इस पर चाचा के बेटे ने मामले की जानकारी अपने स्वजनों की दी।
परिवार पर बोला हमला
उन्होंने आगे इसे लेकर उक्त युवक के स्वजनों के साथ बात की। सोमवार को दोनों पक्षों में राजीनामे की बात चल रही थी। इस दौरान उक्त युवक का भाई अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया और बहसबाजी करनी शुरू कर दी।

इस दौरान आरोपितों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने आरोपितों को वहां से खदेड़ दिया।
वह चाचा के बेटे को जख्मी हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले आए। उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बाद वे आईसीयू के बाहर खड़े थे।
दो युवकों का अमेरिका में पैसों के लेन-देन को लेकर हुआ तकरार
इस बीच कुछ युवक तेजधार हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे और उन्हें हमला कर जख्मी कर दिया। उधर, थाना सदर के प्रभारी अमनदीप सिंह ने बताया कि गांव दबूड़ी और खोखर राजपूतां के दो युवकों का अमेरिका में पैसों के लेन-देन को लेकर तकरार हुआ था।
दोनों पक्षों में राजीनामे के दौरान झगड़ा हो गया था। इसके बाद खोखर राजपूतां वाले पक्ष ने दबूड़ी वाली पार्टी पर सिविल अस्पताल में हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ हमलावरों की पहचान कर ली गई है, जबकि कुछ की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
