श्रीगंगानगर रेल धमाके में बड़ा खुलासा, दुबई से लौटा तीसरा आरोपी गिरफ्तार; पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था
श्रीगंगानगर रेल पटरी धमाके मामले में राजस्थान पुलिस ने हरप्रीत सिंह को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। वह पहले से फायरिंग मामले में जेल में बंद था और महकदीप कौर के जरिए पाकिस्तानी हैंडलरों के संपर्क में था।

श्रीगंगानगर रेल पटरी पर धमाके के मामले में पकड़ा गया तीसरा आरोपित हरप्रीत सिंह दो माह पहले लौटा था दुबई से।
HighLights
हरप्रीत सिंह श्रीगंगानगर रेल पटरी धमाके में गिरफ्तार
पाकिस्तानी हैंडलरों से संपर्क में था आरोपित हरप्रीत
मोबाइल लोकेशन और बातचीत से मिले अहम सुराग
महिंदर सिंह अर्लीभन्न, कलानौर। श्रीगंगानगर रेल पटरी पर धमाके के मामले में राजस्थान पुलिस ने एक और आरोपित को काबू किया है। आरोपित हरप्रीत सिंह निवासी शहूर इस समय फायरिंग मामले में जेल में बंद था, जिसे राजस्थान पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर साथ ले गई है।
इस मामले में पहले ही दो आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें थाना कलानौर के गांव दोस्तपुर की महकदीप कौर और गांव चौड़े निवासी दविंदर सिंह शामिल हैं। राजस्थान पुलिस आरोपित हरप्रीत सिंह को शनिवार शाम श्रीगंगानगर लेकर पहुंची, जहां से उसे अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
आरोपित हरप्रीत सिंह करीब छह माह पहले दुबई गया था, जहां से वह दो माह पहले लौटा था। गांव के लोगों ने बताया कि वह नशे का आदी है। वह दसवीं पास है और उसके पिता मनजीत सिंह पीर की दरगाह पर सेवा करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ज्यादा ठीक नहीं है। हरप्रीत सिंह ने 24 अक्टूबर की रात करीब 9:15 बजे गांव शहूर निवासी अकाली नेता कैप्टन सिंह पर गोली चलाई थी।
उस समय कैप्टन सिंह पराली की गांठें बनाकर घर लौट रहे थे। फायरिंग के दौरान वह अपनी जान बचाने के लिए नीचे झुक गए थे। इस घटना के संबंध में पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर रखा है। वह इस समय जेल में बंद था। वह परिवार का इकलौता बेटा है।
अकाली नेता कैप्टन सिंह ने बताया कि वह नशा करने का आदी है। दुबई से आने के बाद वह नशे का आदी बन गया था। पता चला है कि आरोपित हरप्रीत सिंह महकदीप कौर के जरिये पाकिस्तानी हेंडलरों के संपर्क में आया था। वह इस समय पाकिस्तानी हेंडलर चाचा और शाह के संपर्क में था।
आरोपित महकदीप को ट्रैक पर धमाका करने के लिए एक लाख रुपए दिए गए थे, जिसमें से हरप्रीत को भी हिस्सा मिलना था। बताया जा रहा है कि पुलिस रेलवे ट्रैक विस्फोट से संबंधित जरूरी लोकेशन मुहैया कराने में भी उसकी भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से साझा की गई लोकेशन और पाकिस्तानी हेंडलरों के साथ हुई बातचीत के भी अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस अब इस पूरे मामले में उसकी भूमिका और पाकिस्तानी हैंडलर्स से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है। गौरतलब है कि हरप्रीत सिंह के खिलाफ अकाली नेता पर फायरिंग का मामला दर्ज है। जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी ने मोबाइल फोन में लोकेशन मिलने की पुष्टि की है। पुलिस अब हरप्रीत सिंह से पूछताछ कर रही है और रेलवे ट्रैक विस्फोट और पाकिस्तान से जुड़े पूरे नेटवर्क में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हालांकि, आरोपित हरप्रीत के किसी आपराधिक गिरोह से संबंधों का फिलहाल कोई खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन वह इस मामले में पहले से गिरफ्तार आरोपित महकदीप कौर और दविंदर सिंह के साथ संपर्क में था। वहीं, एसएसपी आदित्य ने बताया कि आरोपित हरप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। आरोपित को राजस्थान पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर साथ ले गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।