गुरदासपुर : तिबड़ी में फिर दिखे संदिग्ध आतंकी, बहराम में भी नजर आए
गुरदासपुर जिले में तिबड़ी छावनी के पास पंधेर गांव में संदिग्ध आतंकी फिर नजर आने के बाद सर्च आपरेशन दोबारा श्ाुरू कर दिया गया है। जिले के गांव बहराम के पास भी संदिग्धों के दिखने के बाद वहां भी सर्च आपरेशन चलाया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। जिले के तिबड़ी छावनी के नजदीक गांव पंधेर में शनिवार सुबह फिर दाे संदिग्ध आतंकी दिखे। इसके बाद फिर सेना व पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सर्च आपरेशन दोबारा शुरू कर दिया है। यहां इससे पहले बुधवार को संदिग्ध आतंकियों के दिखने के बाद सर्च आपरेशन चलाया जा रहा था। शुक्रवार को यहां इसे बंद कर दिया गया था। इसके अलावा बहराम के गांव झूमर में भी सेना की वर्दी में दो संदिग्धों के दिखे। यहां भी तलाशी अभियान जारी है। सेना ने 2700 एकड़ में फैली तिबड़ी छावनी व आसपास के क्षेत्र में नाकेबंदी कर दीग गई है।
2700 एकड़ में फैली तिबड़ी छावनी में सेना ने सुरक्षा बढ़ाई
शुक्रवार सुबह रावी दरिया के पार सीमावर्ती इलाके बहराम के गांव झूमर में दो संदिग्ध देखे जाने की सूचना पर सीमा सुरक्षा बल और पुलिस सर्च अभियान चला रही है। शनिवार सुबह से ही सर्च अभियान शुरू कर दिया गया है। पूरे क्षेत्र की सेना व पुलिस ने घेरेबंदी कर रखी है।
सर्च आपरेशन चलाते पुलिस के जवान।
शुक्रवार को नवाब अली नामक मजूदर ने बीएसएफ को सेना की वर्दी में हथियारबंद संदिग्ध लोगों को देखने की सूचना दी । इसके बाद डीआइजी बॉर्डर रेंज कुंवर विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया गया। मजदूर ने दावा किया कि संदिग्धों ने जाते-जाते किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। फिलहाल जवानों के हाथ कुछ भी नहीं लगा है।
पठानकोट के एसएसपी आरके बख्शी ने कहा कि संदिग्ध दिखने की सूचना मिलते ही क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। शनिवार को भी सुबह से सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल कोई भी संदेहास्पद वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला है। सर्च अभियान जारी है।
उधर, बुधवार को संदिग्ध दिखने के बाद पंधेर क्षेत्र में जारी सर्च अभियान पुलिस ने शुक्रवार शाम चार बजे खत्म किया लेकिन शनिवार सुबह फिर संदिग्ध आतंकियों के दिखने के बाद सेना ने तिबड़ी छावनी व आसपास के क्षेत्र में घेराबंदी बढ़ा दी। सेना और पुलिस पूरे क्षेत्र में सर्च आपरेशन चला रही है।
सर्च आपरेशन चलाते सेना व पुलिस के जवान
तिबड़ी निवासी लवप्रीत पुत्र लखविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि वह तिबड़ी कैंट में एक निजी डॉक्टर का सहायक है। उसने बताया कि वीरवार शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह घर वापस लौट रहा था तो रास्ते में उसे सेना की वर्दी में दो संदिग्ध दिखाई दिए। इन लोगों ने तिबड़ी छावनी का रास्ता पूछा। जानकारी न देने पर एक ने शूट करने के लिए कहा, लेकिन दूसरे ने उसे रोक दिया।
उसने बताया कि वह आपस में बात करने लगे तो उसने मोटरसाइकिल भगा ली। सूचना के बाद लवप्रीत से पुलिस वालों ने पूछताछ की थी। सेना के जवान पूछताछ के लिए उसे अपने साथ ले गए हैं। शुक्रवार को सर्च का क्षेत्र पंधेर से बदलकर तिबड़ी छावनी के आसपास कर दिया गया है। सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।