दीनानगर में सनी की जीत पर झूमे भाजपाई
भाजपा की जीत की खबर मिलते ही हलके के भाजपा वर्करों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और वह दोपहर के समय ही ढोल की थाप पर नाचने लगे।
संवाद सहयोगी, दीनानगर : भाजपा की जीत की खबर मिलते ही हलके के भाजपा वर्करों में खुशी की लहर दौड़ पड़ी और वह दोपहर के समय ही ढोल की थाप पर नाचने लगे। ढोल तो सुबह से ही बजना शुरू हो गया था। दोपहर के बाद भाजपाई ट्रैक्टर पर भाजपा का झंडा लगाकर शहर में चक्कर लगाते देखे गए।
भाजपा के पदाधिकारियों को वर्करों द्वारा हार पहनाए जा रहे थे जबकि कई स्थानों पर भाजपाई जीत की खुशी के दौरान एक दूसरे के मुंह में लड्डू डालते हुए देखे गए। लोकसभा हलका गुरदासपुर से भाजपा प्रत्याशी सनी देओल ने 77657 मतों से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ को हराया है। अगर हलका दीनानगर की बात की जाए तो दीनानगर में कांग्रेस और भाजपा में भारी टक्कर देखने को मिली है। दीनानगर से सनी देओल को 20522 मतों की लीड मिली। हालांकि यह कोई बड़ा अंतर नहीं है, लेकिन फिर भी सनी देओल का उक्त हलके में से जीतना किसी चुनौती से कम नहीं था। क्योंकि इस हलके में कांग्रेस का गढ़ ज्यादा है। राज्य सरकार की गलत नीतियों के चलते ही इन चुनावों के दौरान कांग्रेस को मुंह की खानी पड़ी है। ऐसे में विकास के दावों पर चुनाव लड़ने का दावा करने वाले कांग्रेस सरकार के सारे दावों को एक बार फिर से सनी देयोल ने करारी शिकस्त देकर झूठे साबित कर दिया है। जोगिदर सिंह छीना ने जुटा था काफी समर्थन
हालांकि लोगों द्वारा भाजपा प्रत्याशी सनी देयोल को पूर्ण समर्थन दिया गया था, लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता जोगिदर सिंह छीना ने सनी देयोल के पक्ष में काफी प्रचार किया था। उन्होंने कई कांग्रेस परिवारों को भाजपा में शामिल किया था। ऐसे में भाजपा प्रत्याशी सनी देओल की जीत का सेहरा हलके में जोगिदर सिंह के नाम भी पदाधिकारी कर रहे हैं।