शराब के नशे में रेहड़ी वाले को मारी दो गोली
धारीवाल अड्डा में रविवार की रात शराब के नशे में मेडिकल स्टोर के संचालक ने फास्ट फूड रेहड़ी वाले पर रिवाल्वर से गोलियां चला दी।
संवाद सहयोगी, बटाला : धारीवाल अड्डा में रविवार की रात शराब के नशे में मेडिकल स्टोर के संचालक ने फास्ट फूड रेहड़ी वाले पर रिवाल्वर से गोलियां चला दी। कुल तीन गोलियां चलाई गई। रेहड़ी वाले के दोनों घुटनों पर दो गोलियां लगी। आसपास के लोगों ने घायल रेहड़ी वाले को निजी अस्पताल में दाखिल करवाया। बाद में देर रात लगभग 11 बजे उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया।
सिविल अस्पताल के इमरजेंसी डाक्टर ने एक घुटने से गोली निकाल दी है। दूसरे घुटने में लगी गोली अभी नहीं निकाली गई है। इमरजेंसी डाक्टर ने बताया कि घायल की हालत ठीक है। जल्द ही दूसरी गोली भी निकाली जाएगी। सिविल अस्पताल में पहुंचे संतोष सिंह वासी गांव भर्थ ने बताया कि घायल विक्की खत्री वासी नेपाल उसके पास कई सालों से घर में रखवाली करता है। वह धारीवाल अड्डा में फास्टफूड की रेहड़ी लगाता है। वह रविवार को देर रात लगभग नौ बजे वे रेहड़ी को बंद कर रहा था। पास में ही एक मेडिकल स्टोर है। उसके मालिक ने शराब के नशे में अपनी रिवाल्वर से हवाई फायरिग की गई व फिर दो गोली विक्की के दोनों घुटनों में मारी। इस संबंधी थाना श्री हरगोबिदपुर पुलिस की एसएचओ बलजीत कौर ने बताया कि उनके पास एमएलआर आया है। घायल विक्की सिविल अस्पताल में दाखिल है। उसका बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जब उनसे पूछा गया कि क्या जिस रिवाल्वर से गोली चलाई गई है वह लाइसेंसी है तो उन्होंने बताया कि उसकी जांच चल रही है।