गुरदासपुर पब्लिक स्कूल के बच्चों ने किया विधानसभा का दौरा
गुरदासपुर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का शैक्षणिक टूर वाइस प्रिसिपल संजीव अरोड़ा की अध्यक्षता में चंडीगढ़ गया।
संवाद सहयोगी, गुरदासपुर : गुरदासपुर पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों का शैक्षणिक टूर वाइस प्रिसिपल संजीव अरोड़ा की अध्यक्षता में चंडीगढ़ गया। इसमें आठवीं कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक के 50 विद्यार्थी शामिल हुए। सर्वप्रथम बच्चों को पंजाब विधानसभा ले जाया गया। विधानसभा के सीनियर अधिकारियों ने बच्चों को विधानसभा के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह भवन 1962 में बना। यह दुनिया की आधुनिक इमारतों में से एक है। इसके अलावा उन्होंने सदन की कार्यवाही कैसे चलती है व अन्य कमेटियां किस तरीके से काम करती है, के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। इसके बाद बच्चों ने पंजाब विधानसभा के स्पीकर राणा केपी सिंह के साथ मुलाकात की। उन्हें एक मोमेंटों, फूलों का गुलदस्ता व शॉल भेंट की। इस मौके पर एसएसएस बोर्ड के चेयरमैन रमन बहल भी उपस्थित थे। स्पीकर राणा केपी सिंह ने कहा कि बच्चों को अपने सिलेबस की किताबों के अलावा पंजाबी सभ्याचार की जानकारी के लिए अच्छे लेखकों की किताबें व रचनाएं पढ़नी चाहिए। इससे विद्यार्थियों का मानसिक विकास होता है। तत्पशाचत बच्चों को डॉ. नेक चंद द्वारा निर्मित किए गए रॉक गार्डन दिखाया गया और सुखना झील की सैर करवाई गई। जिसका बच्चों ने खूब आनंद उठाया। चेयरमैन रमन बहल ने कहा कि ऐसे टूर लगाने से विद्यार्थियों का मानसिक रूप से विकास होता है। विद्यार्थियों को अपने सभ्याचार की पूरी जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ साथ खेलों व सभ्याचार के साथ भी जुड़ा रहना चाहिए। इस मौके पर प्रिसिपल अर्चना व स्कूल स्टाफ के सदस्य उपस्थित थे।