Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

मोनिका ने भाटिया व पारस बांबा पर लगाए जान से मारने की धमकी देने का आरोप

भाजपा की महिला वर्कर मोनिका लांबा ने एक बार फिर पार्टी के जिला प्रधान राकेश भाटिया और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष पारस बांबा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

By JagranEdited By: Updated: Fri, 14 May 2021 07:14 PM (IST)
Hero Image
मोनिका ने भाटिया व पारस बांबा पर लगाए जान से मारने की धमकी देने का आरोप

संवाद सहयोगी, बटाला : भाजपा की महिला वर्कर मोनिका लांबा ने एक बार फिर पार्टी के जिला प्रधान राकेश भाटिया और भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष पारस बांबा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस करती हुई मोनिका लांबा ने दोनों पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए।

मोनिका लांबा ने कहा कि उन्हें व उनके परिवार को इन दोनों नेताओं से खतरा है। इस संबंध में उन्होंने थाना सिटी को लिखित रूप से शिकायत दर्ज कराई है। मोनिका ने कहा कि अगर उन्हें या उनके परिवार को कोई शारीरिक हानि पहुंचती है तो उसके लिए भाजपा के ये दोनों नेता राकेश भाटिया व पारस बांबा जिम्मेदार होंगे। उन्होंने दोहराया कि कुछ समय पूर्व दोनों नेताओं के खिलाफ उन्होंने पार्टी हाईकमान को पुख्ता सबूत के साथ शिकायत की थी। इस पर हाईकमान की तरफ से इस मामले की पड़ताल के बाद कार्रवाई करने का विश्वास दिलाया था। इसके बावजूद भी पार्टी हाईकमान की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। उल्टा पारस बांबा और राकेश भाटिया ने उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। उन्होंने कहा कि उन्हें और उसके परिवार को इन दोनों की तरफ से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। इस कारण वे सभी दहशत के माहौल में दिन काट रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं को बहुत ही सम्मान दिया जाता है, मगर ऐसे नेताओं की घटिया चालों से पार्टी बदनाम हो रही है। उधर, थाना सिटी के मुंशी दिलबाग सिंह ने बताया कि उनके पास दोनों पार्टियों की तरफ से शिकायत आई है। उसकी जांच चल रही है। जो आरोपित पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरोप गलत, मोनिका ने ही दी थी धमकी : राकेश भाटिया

उधर, भाजपा के जिलाध्यक्ष राकेश भाटिया ने बताया कि मोनिका लांबा की ओर से लगाए जा रहे सभी आरोप गलत हैं। भाटिया ने कहा कि मोनिका के खिलाफ पिछले महीने ही उन्होंने थाना सिटी में शिकायत दी थी। वह उन्हें फंसाने की धमकी दे रही थी। उस कार्रवाई से बचने के लिए वह झूठे आरोप लगा रही है। झूठे आरोप लगा रही मोनिका : पारस

भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष पारस बांबा ने भी मोनिका लंबा की तरफ से लगाए गए आरोपों को झूठा बताया। पारस ने मोनिका लंबा पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने फोन करके उन्हें गालियां दी और झूठे केस में फंसाने की धमकियां भी दी हैं।