गुरदासपुर में कांग्रेस सरपंच के 27 वर्षीय भाई की गोलियों से भूनकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में कांग्रेस सरपंच के 27 वर्षीय भाई सुखराज सिंह की पुरानी दुश्मनी के चलते गोली मारकर हत्या कर दी गई।
-1789869625403_m.webp)
डेरा बाबा नानक में सरपंच के भाई की हत्या।
HighLights
कांग्रेस सरपंच के भाई सुखराज सिंह की गोली मारकर हत्या
गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में पुरानी दुश्मनी का मामला
पुलिस ने जांच शुरू की, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जागरण संवाददाता, डेरा बाबा नानक। पंजाब के गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक में शनिवार की रात को कांग्रेस पार्टी के मौजूदा सरपंच के भाई की गोली मारकर हत्या का मामला सामने आया है।
घटना की सूचना मिलते ही डेरा बाबा नानक थाना के एसएचओ अशोक कुमार पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। इस संबंध में जानकारी देते मृतक युवक के भाई और कांग्रेस सरपंच नवदीप सिंह ने बताया कि उनके भाई सुखराज सिंह (27) बाबा श्री चंद जी की जयंती के अवसर पर टाहली साहिब गुरुद्वारे में आयोजित कार्यक्रम देखकर मोटरसाइकिल पर सवार होकर लौट रहा था।
इसी दौरान स्विफ्ट कार में सवार 6 युवक आए, जिनमें से तीन युवकों ने उनके भाई सुखराज सिंह पर चार से पांच गोलियां चलाईं, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने बताया कि दो महीने पहले भी हम पर गोलीबारी हुई थी। उन्होंने बताया कि सुखराज सिंह का विवाह हुआ था और उनकी कोई संतान नहीं थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से दो कारतूस भी बरामद किए हैं।
गोलीबारी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे डेरा बाबा नानक थाने के एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि गोलीबारी की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे और गोलीबारी में शहीद हुए युवक सुखराज सिंह का शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि यह मामला पुरानी दुश्मनी का है क्योंकि दोनों पक्षों के बीच पहले भी मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि सुखराज सिंह को गोली लगी है और पोस्टमार्टम के बाद ही पूरी रिपोर्ट मिलेगी। उन्होंने बताया कि पुलिस विभिन्न पहलुओं की गहन जांच कर रही है और मृतक के भाई सरपंच नवदीप सिंह के बयान के आधार पर डेरा बाबा नानक थाने में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
