पंजाब के 24 लाख बुजुर्गों को बड़ी राहत, भगवंत मान सरकार ने जारी किए 2147 करोड़; पेंशन को लेकर क्या है नया अपडेट?
पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक वृद्धावस्था पेंशन के लिए 2147 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिससे 24 लाख से अधिक बुजुर्गों को लाभ मिला है।
-1789818158903_m.webp)
लाखों बुजुर्गों को बड़ी राहत, भगवंत मान सरकार ने जारी किए 2147 करोड़। फाइल फोटो
HighLights
2147 करोड़ रुपये वृद्धावस्था पेंशन के लिए जारी किए गए।
24 लाख से अधिक बुजुर्गों को इस योजना से लाभ मिला।
पेंशन आवेदनों के सत्यापन और मंजूरी में तेजी लाने के निर्देश।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब के लाखों बुजुर्गों के लिए राज्य सरकार ने वृद्धावस्था पेंशन को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक वृद्धावस्था पेंशन के लिए करीब 2147 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इससे राज्य के 24 लाख से अधिक बुजुर्गों को लाभ मिल रहा है।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र बुजुर्ग पेंशन के लाभ से वंचित न रहे। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार बुजुर्गों को आर्थिक सुरक्षा देने के लिए योजना का लाभ समय पर पहुंचाने पर जोर दे रही है।
इस साल पेंशन के लिए 4,000 करोड़ का प्रावधान मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में वृद्धावस्था पेंशन योजना के लिए 4,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
सरकार के अनुसार, इसका उद्देश्य राज्य में सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और जरूरतमंद बुजुर्गों को आर्थिक सहारा देना है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन से बुजुर्ग अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में मदद पा रहे हैं और सम्मान के साथ जीवन जी सकते हैं। सरकार की कोशिश है कि पात्र लाभार्थियों को सहायता प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी न हो।
अधिकारियों को दिए आवेदन जल्द निपटाने के निर्देश
डॉ. बलजीत कौर ने जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वृद्धावस्था पेंशन के आवेदनों के सत्यापन और मंजूरी की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। पात्र लाभार्थियों को निर्धारित समय के भीतर पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
मंत्री ने कहा कि किसी भी पात्र बुजुर्ग को प्रशासनिक देरी या अनावश्यक औपचारिकताओं के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बुजुर्गों और उनके परिवारों से अपील की कि वे आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर योजना का लाभ लें।
साथ ही पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों और सामाजिक संगठनों से पात्र बुजुर्गों की पहचान करने और योजना के प्रति जागरूकता फैलाने में सहयोग की अपील की गई है। सरकार का कहना है कि उसका प्रयास हर पात्र लाभार्थी तक समय पर सहायता पहुंचाना है।
