यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 02, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Gurdaspur News: 'अपनी भलाई के लिए चुनें आम लोग', दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल का सनी देओल पर निशाना
दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की मौजूदगी में ...और पढ़ें

HighLights
- पंजाब की ईमानदार सरकार ने डेढ़ साल में लूटा खजाना भरा: केजरीवाल
- केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव में पंजाब की सभी 13 सीटें जीतने का किया दावा
- केंद्र सरकार पंजाब के विकास कार्यों को रोकने का प्रयास कर रही है: भगवंत मान
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पंजाब का जो खजाना पिछली सरकारों के समय खाली रहता था, उसे भगवंत मान की नेतृत्व वाली सरकार ने डेढ़ साल में ही भर दिया है और ऐसा इसलिए संभव हुआ, क्योंकि पंजाब में ईमानदार सरकार आई है। पंजाब सरकार जिस पटरी पर चल रही है, उससे रंगला पंजाब का सपना जल्द ही पूरा होगा।
ये विचार दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल (Delhi CM Arvind Kejriwal) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान (CM Mann) की मौजूदगी में शनिवार को गुरदासपुर में विकास क्रांति रैली को संबोधित करते हुए पेश किए। रैली में अरविंद केजरीवाल के साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान भी मौजूद रहे और उन्होंने भी जनता को संबोधित किया।
गुरदासपुर को 1854 करोड़ रुपये का विकास पैकेज दिया मान सरकार ने
केजरीवाल ने कहा कि मान सरकार जिला गुरदासपुर को 1854 करोड़ रुपये के विकास पैकेज देकर जा रही है और जिले में विकास कार्यों पर इतनी बड़ी राशि पिछले 75 वर्षों में भी नहीं दी गई। उन्होंने घोषणा की कि इस पैकेज से जिला गुरदासपुर विकास पक्ष से लंबी छलांग लगाएगा।
उन्होंने घोषणा की कि इस राशि से जिला गुरदासपुर में दो शानदार सरकारी स्कूल बनाए जाएंगे। इसके अलावा दो सरकारी अस्पतालों को अपग्रेड करते हुए अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। इसी राशि में से बिजली ग्रिड की स्थापना भी की जाएगी।
सन्नी देओल पर कसा केजरीवाल ने तंज
सन्नी देओल पर भी कसा तंज केजरीवाल ने गुरदासपुर के भाजपा सांसद व फिल्म स्टार सन्नी देओल के बारे में कहा कि ऐसे बड़े लोग आम लोगों के लिए कुछ करने वाले नहीं। आम लोगों को अपनी भलाई के लिए आम लोग ही चुनने चाहिए।
दिल्ली की तरह पंजाब के लोग भी बेहतर सुविधाएं ले रहे हैं। बुजुर्ग लोगों के लिए मुफ्त तीर्थ यात्रा की सुविधा दी गई है और इसके लिए एसी ट्रेन का प्रबंध किया गया है। 37 हजार नौकरियां बिना पैसे और सिफारिश के दी गई हैं।
पंजाब में प्राइवेट कंपनियां कर रही निवेश- केजरीवाल
पंजाब में प्राइवेट कंपनियां करोड़ों का निवेश कर रही हैं और इसके जरिए साढ़े तीन लाख नौकरियां दी जाएंगी। पंजाब सरकार द्वारा दिल्ली की तरह ही अपनी भूमि के शहीदों के स्वजनों को एक करोड़ की सहायता राशि दी जा रही है।
आज पंजाब में बिजली मुफ्त दी जा रही है और बड़ी संख्या में लोगों के बिजली बिल जीरो आ रहे है। उन्होंने कहा कि हम सत्ता भोगने के लिए नहीं आए, बल्कि सेवा के लिए आए हैं। जिस तरह पंजाब सरकार काम कर रही है और लोगों का बेहद प्यार मिल रहा है, उससे साफ जाहिर होता है कि लोकसभा चुनाव में पंजाब की सभी 13 सीटें आम आदमी पार्टी की झोली में जाएंगी।
राज्य के सीएम ने भी किया संबोधित
विकास क्रांति रैली के मंच से राज्य के सीएम भगवंत सिंह मान ने भी लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने पंजाब को लूटने का ही काम किया है। जिसका खुलासा अब आर्टिफिशल इटेंलीजेंस के माध्यम से हुआ है।
पिछली सरकार ने सड़कों व अन्य विकास कार्यों के लिए जो एस्टीमेट तैयार किए, उनसे 164 करोड़ रुपये बच जाएंगे, क्योंकि इनकी नीयत में खोट थी। जिस कारण जानबूझ कर एस्टीमेट ही अधिक बनाए गए।
540 सड़कें सिर्फ कागजों में बनी- सीएम मान
इसी तरह आर्टिफिशयल इटेलीजेंस के माध्यम से पता चला है कि पंजाब में 540 किलोमीटर सड़कें ऐसी हैं, जो कि सिर्फ कागजों में ही बनी हैं। इनकी हर साल मरम्मत होती रही और सरकारी खजाने को चूना लगता रहा।
मुख्यमंत्री ने मिसाल देते हुए कहा कि यदि किसी गांव में पांच किलोमीटर सड़क की मरम्मत करवाई तो उसे कागजों में साढ़े छह किलोमीटर बताया गया है। इसी तरह 540 किलोमीटर सड़कें धरती पर नहीं है। उन्होंने कहा कि आप बदलाव का नाम है और पंजाब को रंगला पंजाब बनाकर ही रहेंगे।
ये भी पढे़ं- आज अरविंद केजरीवाल और CM मान गुरदासपुर को देंगे अरबों की सौगात, रैली को भी करेंगे संबोधित
साढ़ें तील लाख लोगों को मिलेगा रोजगार- भगवंत मान
उन्होंने कहा कि सपने को साकार करने के लिए सोते नहीं और काम करने में यकीन रखते हैं। पंजाब के अच्छे माहौल को देखते हुए कई कंपनियां हजारों करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। जिससे साढ़े तीन लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए भगवंत मान ने कहा कि उनसे आम आदमी पार्टी की ईमानदारी और काम की भावना बर्दाश्त नहीं होती।
इसी कारण मनीष सिसोदिया, संजय सिंह, सतिंदर जैन को जेल भेजा और अब केजरीवाल को जेल में भेजने की साजिश रची जा रही है। प्रधानमंत्री केजरीवाल को तो कैद कर सकते हैं, मगर उनकी सोच को कैद नहीं कर सकते।
.jpg)
केंद्र सरकार पंजाब के विकास कार्यों को रोकने का कर रही प्रयास
केंद्र सरकार पंजाब के विकास कार्यों को रोकने का प्रयास कर रही है। आरडीएफ का करोड़ों का पैसा रोका गया है। यदि उसका भुगतान किया जाए तो वह मंडी बोर्ड के अधीन सड़कों को चमका देंगे। इसी तरह जीएसटी की हिस्सा भी समय पर नहीं दिया जाता।
मान ने सन्नी देओल पर साधा निशाना
गुरदासपुर के सांसद सन्नी देओल पर तंज कसते हुए भगवंत मान ने कहा कि इस फिल्म स्टार ने जीतने के बाद गुरदासपुर के लोगों को अपना मुंह नहीं दिखाया। अपनी फिल्म की सफलता के लिए वह दरबार साहिब आए, मगर साथ लगते अपने हलके में नहीं पहुंचे।
भगवंत मान ने दावा किया कि पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटें आम आदमी पार्टी हासिल करेगी और 14वीं चंडीगढ़ भी जीतेंगे। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक, पंजाब के कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, कुलदीप धालीवाल, लाल चंद कटारुचक्क, हरपाल सिंह चीमा, अमन अरोड़ा, डा. बलबीर, पंजाब हेल्थ सिस्टम कारपोरेशन के चेयरमैन रमन बहल आदि मौजूद थे।
