पंजाब में कांग्रेस को दिवाली गिफ्ट, गुरदासपुर उपचुनाव में जाखड़ 1.93 लाख मतों से जीते
गुरदासपुर लोकसभा सीट के उपचुनाव कांग्रेस ने भारी मतों से जीत लिया है। कांग्रेस के सुनील जाखड़ करीब 1,93,219 वोटों से जीत दर्ज की है। इस तरह कांग्रेस को दिवाली का बड़ा तोहफा मिला है।
जेएनएन, गुरदासपुर। पंजाब में कांग्रेस की चार दिन पहले ही दिवाली हो गई। गुरदासपुर लोकसभा सीट का उपचुनाव कांग्रेस ने भारी मतों से जीत लिया है। कांग्रेस के सुनील जाखड़ ने यहां से 1,93,219 मतों से जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के स्वर्ण सलारिया को हराया है। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश खजूरिया की जमानत जब्त हो गई है। संसदीय सीट में पड़ने वाले सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को बढ़त मिली।
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार की जमानत जब्त
सुनील जाखड़ को चार लाख 99 हजार 752 वोट मिले। स्वर्ण सलारिया को तीन लाख छह हजार 533 वोट मिले।
आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मेजर जनरल (रिटा.) सुरेश खजूरिया को महज 23579 वोट मिले हैं। जाखड़ मतगणना में शुरू से ही आगे रहे। इस उपचुनाव के लिए 11 अक्टूबर मतदान हुआ था।
चुनाव जीतने के बाद सर्टिफिकेट लेते सुनील जाखड़। साथ में है नवजोत सिंह सिद्धू।
मतगणना में शुरू से ही कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ काफी अागे चलते रहे और अपनी बढ़त को लगातार मजबूत बनाते गए। चुनाव परिणाम की घोषणा के बाद कांग्रेस के दफ्तरों के बाहर गुरदासपुर से लेकर चंडीगढ़ तक पटाखे फोड़े जा रहे हैं, अबोहर में सुनील जाखड़ के घर भी जश्न का माहौल है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सेवानिवृत्त मेजर जनरल सुरेश खजूरिया अपनी जमानत भी नहीं बचा सके हैं।
गुरदासपुर उपचुनाव में जीत के बाद कार्यकर्ताओं के साथ सुनील जाखड़ और नवजोत सिंह सिद्धू।
पूरे देश में आएगा ऐसा ही नतीजा, कांग्रेस की जीत की शुरूआत
सुनील जाखड़ ने कहा कि इस जीत का श्रेय कांग्रेस नेतृत्व और पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को है। मेरा तो केवल बस नाम है असली जीत तो कैप्टन अमरिंदर सिंह की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने भी कांग्रेस को वेाट दिया। यही सिलसिला पूरे देश में शुरू होने वाला है। यह देश में कांग्रेस की जीत की शुरूआत है। पूरे देश में इसी तरह के नतीजे सामने आएंगे और राहुल गांधी को 2019 में देश का प्रधानमंत्री बनाने की दिशा में कदम है।
देखें तस्वीरेंः गुरदासपुर में जाखड़ की एतिहासिक जीत, जमकर मना जश्न
गुरदासपुर उपचुनाव में सुनील जाखड़ के लगातार बढ़त बनाने पर लड्डू बांटते कांग्रेस कार्यकर्ता।
जाखड़ की जीत राहुल को पंजाब से दिवाली गिफ्ट
पंजाब के कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह ने जाखड़ की जीत को दिवाली का उपहार बनाया। पंजाब की जनता ने इस जीत से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को दिवाली का गिफ्ट दिया है। उन्होंने इस दौरान अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल पर भी कड़े हमले किए। उन्हाेंने कहा कि यह जीत कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस भारी जीत से पंजाब में भाजपा और अकाली दल की कमर टूट गई है।
हर विधानसभा क्षेत्र में जाखड़ रहे आगे
मतगणना में कांग्रेस के सुनील जाखड़ सभी विधानसभा क्षेत्रों में आगे रहे। किसी भी विधानसभा हलके में भाजपा की बढ़त नहीं है। मतगणना के नौवें राउंड तक सुनील जाखड़ को कुल 323860 मत मिले थे भाजपा के प्रत्याशी स्वर्ण सालरिया को 188048 और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश खजूरिया को 18421 मत मिले थे।
गुरदासपुर उपचुनाव में सुनील जाखड़ के लगातार बढ़त बनाने पर खुशी जताते कांग्रेस कार्यकर्ता।
सुनील जाखड़ गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक से करीब 7000 मतों से आगे रहे। पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में सुनील जाखड़ तीन राउंड के बाद 8039 वोट आगे रहे। पहले राउंड में भाजपा को 2662 और कांग्रेस को 3992 वोट मिले। दूसरे राउंड में भी कांग्रेस आगे रही। इस राउंड में भाजपा काे 2424 और कांग्रेस को 3051 मत मिले। भोआ विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस आगे रही। यहां पहले राउंड में भाजपा को 3559 आैर कांग्रेस 4276 मिले। आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश खजूरिया काफी पीछे चल रहे।
सुनील जाखड़ की बढ़त पर पठानकोट में खुशी जताते कांग्रेस विधायक अमित विज और अन्य नेता।
कांग्रेस उम्मीदवार सुनील जाखड़ सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में भी आगे चल रहे। पठानकाेट विधानसभा क्षेत्र में मतगणना में भी कांग्रेस उम्मीदवार को बढ़त मिली। यहां तीसरे राउंड में भाजपा को 2865 और कांग्रेस को 4037 मत मिले। आप उम्मीदवार को महज 150 वोट मिले। पठानकोट विधानसभा क्षेत्र में चौथे राउंड में भी जाखड़ को 4480 मतों से बढ़त मिली। भोआ विस क्षेत्र में दूसरे राउंड में कांग्रेस 1511 से आगे रही। भोआ में चौथे राउंड तक कांग्रेस तीन हजार मतों से आगे रहे। प्रताप सिंह बाजवा के हलके में भी कांग्रेस आगे रही।
गुरदासपुर उपचुनाव के लिए मतगणना का दृश्य।
पूरे उपचुनाव में बुरी तरह पिछड़ गए आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश खजूरिया ने चुनाव में धांधली का आरोप लगाया है। सुरेश खजूरिया ने कांग्रेस सरकार पर धक्केशाही के आरोप लगाया। उन्हाेंने कहा कि मतदान के दौरना ईवीएम में आप का बटन खराब था। कांग्रेस ने विरोधियों को वोट डालने ही नहीं दिया।
मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। इसके लिए गुरदासपुर व पठानकोट में दो मतगणना केंद्र बनाए गए थे। पठानकोट में तीन विधानसभा हलकों व गुरदासपुर में छह विधानसभा हलकों की मतगणना हुई। कुल 11 उम्मीदवार मैदान में थे। मुख्य मुकाबला कांग्रेस के सुनील जाखड़, भाजपा के स्वर्ण सलारिया व आम आदमी पार्टी के सुरेश खजूरिया के बीच था।
गुरदासपुर लोकसभा हलके में कुल नौ विधानसभा हलके आते हैं। रिटर्निग अधिकारी गुरलवलीन सिंह ने बताया कि मतगणना के लिए 14 टेबल लगाए गए थे। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना हुई और इसके बाद ईवीएम से वोटों कर गिनती शुरू हुई। गुरदासपुर सीट पर उपचुनाव भाजपा सांसद विनोद खन्ना के निधन के कारण हुआ।
भाजपा के टिकट पर विनोद खन्ना लगातार तीन बार सांसद चुने गए थे। इसके बाद 2009 के चुनाव में वह कांग्रेस के प्रताप सिंह बाजवा से हार गए थे लेकिन 2014 के चुुनाव में उन्होंने करीब सवा लाख मतों के अंतर से बाजवा को हराया था।
सभी नौ विधानसभा क्षेत्र में सुनील जाखड़ को मिली बढ़त-
विस हलका उपचुनाव विधानसभा चुनाव 2017
सुजानपुर 6101 18701 (भाजपा)
भोआ 7796 27496 (कांग्रेस)
पठानकोट 8710 11160 (कांग्रेस)
गुरदासपुर 29656 28956 (कांग्रेस)
दीनानगर 11387 31917 (कांग्रेस)
कादियां 26348 11737 (कांग्रेस)
बटाला 26255 485 (शिअद)
फतेहगढ़ चूडिय़ां 32296 1999 (कांग्रेस)
डेरा बाबा नानक 44074 1194 (कांग्रेस)
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।