कमाल: कांग्रेस ने गुरदासपुर में एक्साइज इंस्पेक्टर को बना दिया अपना जिला प्रधान
पंजाब कांग्रेस ने एक दिन पहले पार्टी के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इस क्रम में एक बड़ी चूक करदी गई। पार्टी ने गुरदासपुर में एक्साइज इंस्पेक्टर को जिला प्रधान बना दिया।
गुरदासपुर, जेएनएन। कांग्रेस ने पंजाब में पार्टी के जिला प्रधानों की नियुक्ति की है। इस क्रम में पार्टी से अजीब चूक हो गई। पार्टी की तरफ से जारी पंजाब के जिला अध्यक्षों की सूची में एक एक्साइज इंस्पेक्टर को भी जिला अध्यक्ष बना दिया गया। उसे गुरदासपुर का जिला पार्टी अध्यक्ष बनाया गया है। गुलजार मसीह नामक यह व्यक्ति करीब एक साल से एक्साइज इंस्पेक्टर हैैं। उन्होंने पद लेने से साफतौर पर मना कर दिया है। दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि पैनल मसीह के सरकारी सेवा में आने से पहले भेजा गया था। सूची को जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
गुलजार मसीह ने जिला प्रधान का पद लेने से किया इंकार, कहा फरवरी 2018 से कर रहा हूं नौकरी
आल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव अशोक गहलोत की तरफ से वीरवार को पंजाब के जिला अध्यक्षों की सूची जारी की गई। इस सूची में गुरदासपुर के घुम्मण कलां निवासी गुलजार मसीह का भी नाम होने पर लोग हैरान रह गए। गुलजार मसीह काफी समय तक राजनीति में सक्रिय थे। 2009 में पंजाब सब-आर्डीनेट सर्विसेज सलेक्शन बोर्ड के माध्यम से बतौर एक्साइज इंस्पेक्टर सेलेक्ट हो गए। पंजाब सरकार ने उन्हें ज्वाइन नहीं करवाया तो मामला कोर्ट में चला गया।
2018 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला उनके हक में सुना दिया और 9 फरवरी 2018 को उन्होंने गुरदासपुर में बतौर एक्साइज इंस्पेक्टर ज्वाइन कर लिया। गुलजार ने कहा कि सूची मेरी नौकरी पर लगने से पहले हाईकमान को भेजी गई थी। अब वह अपनी नौकरी पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। इसलिए वह उक्त पद नहीं लेंगे।
इस खुलासे से कांग्रेस की काफी किरकिरी हो गई है। पार्टी के पदाधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया को लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने मामले को भूल करार देते हुए इसमें एक-दो दिन में संशोधन किए जाने की बात कही है।
------
''प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ का कहना है कि जब पैनल भेजा गया था तब गुरदासपुर के गुलजार मसीह राजनीति में सक्रिय थे। बाद में वह कोर्ट केस जीत कर सरकारी नौकरी करने लगे। उनका नाम पैनल में दूसरे-तीसरे नंबर पर था। एक-दो दिन में संशोधन कर दिया जाएगा।
- सुनील जाखड़, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, पंजाब।