भाजपा ने चलाई रामभक्तों को सम्मानित करने की मुहिम
राम मंदिर और भगवान वाल्मीकि मंदिर में नतमस्तक होकर की शुरुआत शहीदों के परिवारों से करवा रहे सम्मानित
-राम मंदिर और भगवान वाल्मीकि मंदिर में नतमस्तक होकर की शुरुआत, शहीदों के परिवारों से दिलाया जा रहा सम्मान
---
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर : अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण शुरू होने की खुशी में भारतीय जनता पार्टी राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान अग्रणी भूमिका निभाने वाले गुरदासपुर के रामभक्तों को सम्मानित करेगी। इस मुहिम का आगाज जिलाध्यक्ष परमिदर सिंह गिल के नेतृत्व में शनिवार को किया गया। गिल के नेतृत्व में जिला प्रभारी अनिल रामपाल और भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रीराम मंदिर में पूजा अर्चना की। महर्षि भगवान वाल्मीकि जी के मंदिर में नतमस्तक होकर,उनका आशीर्वाद प्राप्त कर छह भक्तों को सम्मानित किया गया। मण्डल बहरामपुर के प्रधान भीष्म सिंह बिट्टू की अध्यक्षता में इसके लिए कार्यक्रम भी करवाया गया। पुरानाशाला मंडल में रामभक्तों को मंडल प्रधान मनोहर खिडरिया की अध्यक्षता में भी सम्मानित करवाया गया। भाजपा अब तक 22 रामभक्तों को सम्मानित कर चुकी है। अभियान की खास बात है कि इन सभी भक्तों को देश के नाम शहादत का जाम पीने वालों से सम्मानित करवाया जा रहा है। रामभक्तों को भगवान राम और राम मंदिर की फोटो लगे एक स्मृति चिन्ह व सिरोपा भेंट किया जा रहा है। अभियान के तहत एक रथ भी तैयार किया है। उस पर आगे मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की सुंदर तस्वीर लगी है और रथ के दोनों तरफ अयोध्या में बनने वाले भव्य मंदिर की फोटो है।