गुरदासपुर में दो पक्षों में हुए झगड़े ने लिया खूनी रूप, एक युवक को लगी गोली
बटाला के शास्त्री नगर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक युवक को गोली लगी और दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
-1795254886529_m.webp)
गुरदासपुर में दो पक्षों में हुए झगड़े ने लिया खूनी रूप। फोटो जागरण
संवाद सहयोगी, बटाला (गुरदासपुर)। बटाला के शास्त्री नगर के समीप आज उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झगड़े में तब्दील हो गया।
इस दौरान झगड़े ने उस समय खूनी रूप धारण कर लिया, जब एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के युवक पर गोली चला दी गई। गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जबकि झगड़े के दौरान दूसरे पक्ष का भी एक युवक घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शास्त्री नगर के समीप दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से गोली चलाए जाने की घटना सामने आई, जिसमें रोहित कुमार पुत्र दलबीर सिंह निवासी पहाड़ी गेट, बटाला की टांग में गोली लग गई। वहीं, दूसरे पक्ष का एक युवक भी झगड़े के दौरान सिर में चोट लगने से घायल हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए बटाला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोली चलने की घटना के कारण इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में थाना सिटी बटाला के एस.एच.ओ. गुरइकबाल सिंह ने बताया कि आज शास्त्री नगर के समीप दो पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। इस दौरान रोहित कुमार निवासी पहाड़ी गेट की टांग में गोली लगी है, जबकि दूसरे पक्ष के एक युवक के सिर में चोट आई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
एसएचओ ने बताया कि पुलिस द्वारा पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। झगड़े के पीछे क्या कारण रहे और गोली किस परिस्थिति में चलाई गई, इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।