धुंध में भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ की कोशिश, BSF जवानों ने की फायरिंग
Indo Pak Border पर BSF के सेक्टर गुरदासपुर में BOP चौड़ा फारवर्ड पोस्ट पर पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ का प्रयास किया गया जिसे BSF ने नाकाम कर दिया।
जेएनएन, कलानौर/अमृतसर। भारत-पाक सीमा (Indo Pak Border) पर BSF के सेक्टर गुरदासपुर में तैनात 12 बटालियन के जवानों ने BOP चौड़ा फारवर्ड पोस्ट पर बुधवार रात 10.20 बजे धुंध की आड़ में घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। जवानों ने सीमा पार हलचल देख गोलीबारी की और वीरवार सुबह सर्च ऑपरेशन भी चलाया, जिसमें कुछ नहीं मिला। BSF की फायरिंंग के बाद घुसपैठ करने वाला वहां से भाग निकला।
BSF के सेक्टर गुरदासपुर के DIG राजेश शर्मा ने बताया कि बुधवार रात इतनी घनी धुंध थी कि कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। तलाशी अभियान में कुछ नहीं मिला। सीमा के साथ लगते गांव चौड़ा व मालोमुआं के लोगों ने बताया कि उन्होंने रात दस से 12 बजे के करीब गोली चलने की आवाज सुनी थी। वीरवार दोपहर के समय बारिश शुरू होने के बावजूद BSF जवानों ने तलाशी अभियान चलाया। सात दिसंबर को बीओपी चौड़ा फारवर्ड पोस्ट के जवानों ने सीमा के पास से एक मंदबुद्धि व्यक्ति को पकड़ा था।
पाकिस्तान से भारतीय क्षेत्र में फेंकी गई एक किलो हेरोइन बरामद
उधर, सीमा सुरक्षा बल की 71वीं वाहिनी ने पाकिस्तानी तस्करों की ओर से भारतीय क्षेत्र में फेंके गए एक किलो हेरोइन के पैकेट बरामद किए हैं। BSF के जवान घने कोहरे में राजाताल पोस्ट के पास गश्त कर रहे थे। उन्हें पाकिस्तान की ओर से कुछ फेंके जाने की आहट सुनाई दी। जवानों को देखकर पाकिस्तान की ओर खड़े दो व्यक्ति घने कोहरे का फायदा उठा कर भाग गए। जवानों ने जब सर्च की तो उन्हें सीमा रेखा के पास एक पैकेट मिला, जिसमें एक किलोग्राम हेरोइन थी। हेरोइन पुलिस थाना घरिंडा के हवाले कर दी गई। पुलिस थाना घरिंंडा के सहायक सब इंस्पेक्टर रछपाल सिंह ने बताया कि BSF के इंस्पेक्टर छोटे लाल तिवारी की शिकायत पर दो अज्ञात पाकिस्तानी तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें