विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरदासपुर पुलिसकर्मियों की हत्या: आरोपी दिलावर का बड़ा खुलासा - रणजीत और इंद्रजीत ने चलाई थी गोलियां

Published: Fri, 27 Feb 2026 04:44 PM (IST)

गुरदासपुर के आदियां गांव में पुलिस चेक पोस्ट पर दो जवानों की हत्या मामले में नया मोड़ आया है। गिरफ्तार ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दिलावर ने कबूला, रणजीत और इंद्रजीत ने चलाई गोली

  2. रणजीत सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, इंद्रजीत फरार

  3. आरोपी पाकिस्तान में 'चाचा' नामक व्यक्ति के संपर्क में थे

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गुरदासपुर के आदियां गांव की पुलिस चेक पोस्ट पर शनिवार-रविवार की मध्यरात्रि गोली मारकर दो पुलिस जवानों को बलिदान करने के मामले में नया मोड़ आ गया है। दरअसल, पहले से ही गिरफ्तार आरोपी दिलावर सिंह ने मीडिया के सामने कबूल किया कि पुलिस कर्मियों को रणजीत सिंह और इंद्रजीत सिंह ने गोलियां मारी थी, जबकि वह उन्हें घटनास्थल से लेकर आया था।

उधर, शुक्रवार को तीसरे दिन भी मृतक रणजीत का पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया, क्योंकि परिवार डॉक्टरों का बोर्ड बनाने व वीडियोग्राफी कराने की मांग पर अड़ा हुआ है। फिलहाल इस पर सहमति नहीं बन पा रही है।

गौरतलब है कि आदियां पुलिस चेक पोस्ट पर होमगार्ड जवान अशोक कुमार और एएसआई गुरनाम सिंह की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी दिलावर सिंह (निवासी - आलीनंगल) को गिरफ्तार किया था, जिसने पूछताछ में बताया था कि हत्याकांड को रणजीत सिंह और इंद्रजीत सिंह (निवासी - आदियां) ने अंजाम दिया था।

पुलिस ने बाद में रणजीत सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया था, जो बुधवार को पुलिस मुठभेड़ में मारा गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी इंद्रजीत सिंह को अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उसकी तलाश में अलग-अलग टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिसकर्मियों के यह हत्यारे पाकिस्तान में रहने वाले चाचा नामक व्यक्ति के संपर्क में थे।

दिलावर का बड़ा खुलासा

पुलिस ने इस मामले में सबसे पहले दिलावर सिंह को गिरफ्तार किया था। डीआईजी बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया था कि उसे केवल हत्याओं में सहायता करने के लिए 20 हजार रुपए का लालच दिया गया था, जिसमें से उसे तीन हजार रुपए मिले थे।

शुक्रवार को दिलावर का मेडिकल कराने के लिए पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची। यहां पर उसने मीडिया के सामने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इस हत्याकांड में रणजीत व इंद्रजीत ने गोलियां चलाई थी, जबकि वह केवल उन्हें लेने गया था।

'चाचा' के संपर्क में थे आरोपी

सूत्रों के अनुसार, इंद्रजीत हेरोइन का नशा करता था, जिसके चलते वह पाकिस्तान में किसी चाचा नाम के व्यक्ती के संपर्क में आ गया था। इसके बाद इंद्रजीत के माध्यम से ही रणजीत व दिलावर का चाचा से संपर्क हो गया। चाचा के कहने पर ही रणजीत व इंद्रजीत ने पुलिस कर्मियों को गोलियां मारी थी।

इसके बाद इंद्रजीत रणजीत को बताकर गया कि वह मर्डर के लिए मिलने वाले पैसे बटाला से लेने जा रहा है। इसी बीच रणजीत सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया और इसकी भनक इंद्रजीत को लग गई और वह वहीं से फरार हो गया।

गांव वाले कुछ भी बोलने को तैयार नहीं

गांव आदियां के करीब डेढ़ दर्जन लोगों पर एनडीपीएस और असलहा एक्ट के मामले दर्ज हैं। हालांकि, इनमें ज्यादातर मामले नशे के ही हैं, जिसमें से पांच के करीब लोग जेल में बंद हैं।

अब रणजीत के एनकाउंटर पर विभिन्न पार्टियों के नेता सवाल उठा रहे हैं तो गांव के लोग भी एकमत होते दिख रहे हैं। इसके चलते अब गांव के लोग इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। लोग पुराने मामलों को लेकर भी कोई बात करना नहीं चाहते।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।