फिरोजपुर जेल में कैदियों में हिंसक झड़प, सुए से हमला कर साथी को किया लहूलुहान
फिरोजपुर सेंट्रल जेल में कैदियों के बीच खूनी झड़प हुई, जिसमें एक हवालाती ने दूसरे पर सुए से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
-1793367759683_m.webp)
फिरोजपुर जेल में कैदियों में हिंसक झड़प। फाइल फोटो
HighLights
फिरोजपुर जेल में कैदियों के बीच हुई खूनी झड़प।
एक हवालाती ने दूसरे पर सुए से किया हमला।
जेल सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर। सेंट्रल जेल फिरोजपुर में बंद कैदियों में हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। किसी बात को लेकर हुए झगड़े के दौरान एक हवालाती ने दूसरे पर सुए से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया, जिसे गंभीर हालत में फरीदकोट के मेडिकल कालेज में भर्ती करवाया गया है।
जेल की बैरक के भीतर हुई इस वारदात ने बंदियों की सुरक्षा और जेल में प्रतिबंधित नुकीले सामान की पहुंच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। थाना सिटी पुलिस ने घायल हवालाती के बयान पर आरोपित कैदी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
थाना सिटी के एसआइ सुखदेव सिंह के अनुसार पुलिस को दिए बयान में घायल विचाराधीन कैदी गुरजीत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह निवासी गांव खाई फेमेकी, फिरोजपुर ने बताया कि वह केंद्रीय जेल की बैरक नंबर 12 में बंद है। 26 अक्टूबर को किसी बात को लेकर उसकी साथी कैदी सुखा उर्फ बाशी निवासी गांव आजम शाह के साथ कहासुनी हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपित ने उस पर सुए जैसे नुकीले हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में गुरजीत सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद जेल प्रशासन की ओर से घायल हवालाती को उपचार के लिए मेडिकल कालेज फरीदकोट पहुंचाया गया।
बड़ा सवाल
जेल के भीतर कैदियों के बीच मारपीट और सुए से हमले व मोबाइल व नशे की बरामदगी ने सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जेल परिसर और बैरक में नुकीला हथियार, मोबाइल व नशा पहुंचा कैसे? बंदियों की नियमित तलाशी और निगरानी के बावजूद ऐसे सामान की मौजूदगी जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।