शिक्षकों व शिष्यों ने ली प्लास्टिक का प्रयोग न करने की शपथ
पंजाबी सभ्याचार मंच द्वारा प्लास्टिक की रोकथाम के प्रति बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान की शुरूआत की।
संवाद सहयोगी, अबोहर : पंजाबी सभ्याचार मंच के प्रधान गुरचरण सिंह गिल द्वारा प्लास्टिक की रोकथाम के प्रति बच्चों को जागरूक करने के उद्देश्य से अभियान की शुरूआत की गई है, जिसके तहत वह स्कूलों में जाकर बच्चों को जागरूक कर रहे है।
प्रधान गुरचरण सिंह गिल ने बताया कि शुक्रवार को उन्होंने गुरु नानक एवी स्कूल, सरकारी प्राइमरी स्कूल में जाकर बच्चों को प्लास्टिक का उपयोग न करने को जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को बताया कि प्लास्टिक के कारण फैल रहे प्रदूषण को रोकने के लिए केंद्र सरकार द्वारा वन टाइम यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक के कारण जहां प्रदूषण फैलता है क्योंकि यह गलता नहीं है तो दूसरी तरफ यह प्लास्टिक सीवरेज जाम का मुख्य कारण भी है। इतना ही नहीं यह लावारिस पशुओं के लिए भी घातक सिद्ध हो रहा है। उन्होंने बच्चों को बताया कि प्लास्टिक के लिफाफे में कचरा या सब्जी व फलों कि छिलके डालकर अकसर महिलाएं गलियों में फैंक देती है जिसे खाने के चक्कर में पशु इन प्लास्टिक के लिफाफों को साथ ही निगल जाते हैं, जिससे वह बीमार पड़ जाते है व धीरे धीरे उनकी मौत भी हो जाती है। गिल ने बच्चों को अपने आस की सफाई रखने, प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ बच्चों व अध्यापकों को शपथ भी दिलाई। उन्होंने बच्चों को स्वस्थ रहने के टिप्स भी बताए। उन्होंने बच्चों को अपने माता पिता का कहना मानने व आशीर्वाद लेने व बड़ों का सम्मान करने की भी प्रेरणा दी।