कोहरे का कहर, वाहनों की थमी रफ्तार, दिन में भी लाइटें जलाकर किया सफर
बारिश के एक दिन के बाद फिरोजपुर की सड़कों पर शनिवार को कोहरा छा गया है जिससे वाहनों की गति भी धीमी हो गई है। लोगों को दिन में भी लाइटें जलाकर वाहन चलाने पड़े।
अमनदीप सिंह, फिरोजपुर : बारिश के एक दिन के बाद फिरोजपुर की सड़कों पर शनिवार को कोहरा छा गया है, जिससे वाहनों की गति भी धीमी हो गई है। लोगों को दिन में भी लाइटें जलाकर वाहन चलाने पड़े।
60-70 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से दौड़ने वाली बसें 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा स्पीड से चलने को मजबूर है। माह का दूसरा शनिवार होने के कारण सरकारी स्कूलों में छुट्टी थी, लेकिन आगे के दिनों में सर्दी बढ़ने के साथ ही बच्चों की संख्या स्कूलों में कम होने की स्थिति बनेगी।
शनिवार की सुबह छह बजे से दस बजे तक सड़क पर लोगों को अपने वाहनों की लाइटें जलाकर गुजरते हुए देखा गया। शहर में कोहरा थोड़ा कम महसूस हो रहा था, लेकिन हाईवे पर आगे कुछ भी नजर नहीं आ रहा था, ऐसे में वाहनों की गति 60-70 किलोमीटर से सिमट कर आधी यानी 30 किलोमीटर प्रति घंटा ही रह गई है। बस चालकों को खास मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को फिरोजपुर में सुबह छह बजे से बूंदाबांदी होकर शुक्रवार की मध्यरात्रि दो बजे के करीब बंद हुई थी, फिर दिन के समय दोपहर 12 बजे से 15-20 मिनट तक धूप निकली और सारा दिन सर्द हवाएं चली। इसके साथ ही ठंड बढ़ने से लोग घरों में दुबके रहे। शनिवार को मौसम साफ तो हुआ, लेकिन सूर्य देव के दर्शन खुलकर नहीं हो सके। दोपहर तक हल्की धूप उम्मीद की लगी। लेकिन ठंड बरकरार रही। तापमान में लगातार गिरावट से ठिठुरन बढ़ गई है। कोहरे का ट्रेनों पर असर
कोहरे की वजह से ट्रेनों में 1 से डेढ़ घंटे का सफर प्रभावित हो गया है। मेल, एक्सप्रेस, पैसेंजर और डीएमयू सभी ट्रेनों सुबह 6 बजे से 10 बजे तक एक से डेढ़ घंटे देरी से चली है।