गोल्डन ऐरो में जोश के साथ मनाया सेना दिवस
गोल्डन ऐरो डिवीजन ने कैप्टन सुंदर सिंह स्टेडियम में सेना दिवस जोश और गौरव के साथ मनाया।
जागरण संवाददाता, फिरोजपुर : गोल्डन ऐरो डिवीजन ने कैप्टन सुंदर सिंह स्टेडियम में सेना दिवस जोश और गौरव के साथ मनाया। कार्यक्रम में सेना ने अपनी परंपराओं, वीरता और युद्ध कौशल का प्रदर्शन किया। इस आयोजन में सेना के जवानों और उनके परिवारों के अलावा विभिन्न स्कूलों के 500 बच्चे, सरकारी तथा सिविल गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत में पेश किए गए मिलिट्री बैंड के प्रदर्शन से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। मिलिट्री बैंड ने पारंपरिक मार्शल धुनों को बजाया और मार्च पास्ट किया। अपने प्रभावशाली प्रदर्शन से सभी को उत्साहित किया। सैन्य तथा युद्ध कला के प्रदर्शन के दौरान दर्शकों ने टेंट पेंगिग व मल्लखंब आदि का भरपूर आनंद उठाया। युवाओं के सेना में भर्ती होने से संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए सूचना केंद्र की व्यवस्था भी की गई। इस आयोजन ने उपस्थित सभी दर्शकों विशेष रूप से स्कूली बच्चों के अंदर गर्व और देशभक्ति की भावना को जागृत किया। अंत में मेजर जनरल अमित लूंबा, जनरल ऑफिसर कमांडिंग, गोल्डन ऐरो डिवीजन ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया तथा दर्शकों को अपनी शुभकामनाएं दी।